Home » General category » 5 दिन में 13 राज्यों तक पहुंचा मानसून, 48 घंटे में मुंबई में दस्तक की संभावना; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

5 दिन में 13 राज्यों तक पहुंचा मानसून, 48 घंटे में मुंबई में दस्तक की संभावना; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Monsoon 2026:

Monsoon 2026: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार तेजी से रफ्तार पकड़ी है। महज पांच दिनों में मानसून 13 राज्यों तक पहुंच चुका है और सोमवार को तेलंगाना में इसकी एंट्री हो गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून फिलहाल मुंबई से करीब 150 किलोमीटर दूर है और अगले 48 घंटों के भीतर देश की आर्थिक राजधानी में दस्तक दे सकता है।

तेलंगाना तक पहुंचा मानसून, कई राज्यों में जल्द होगी एंट्री

4 जून को केरल पहुंचने के बाद मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। रविवार को यह त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड पहुंचा था, जबकि सोमवार को तेलंगाना में प्रवेश कर गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गुजरात के कुछ हिस्सों तक पहुंच जाएगा।

Monsoon 2026: मुंबई में 48 घंटे के भीतर दस्तक की संभावना

पश्चिमी तट पर मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब मुंबई से करीब 150 किलोमीटर दूर है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में मुंबई में मानसून पहुंच सकता है। सामान्य तौर पर मुंबई में मानसून 10 जून के आसपास पहुंचता है।

Monsoon 2026: केरल-कर्नाटक में भारी बारिश, कई शहरों में जलभराव

केरल और कर्नाटक में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश जारी है। बेंगलुरु और बेलगावी समेत कई शहरों में भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ स्थानों पर वाहन पानी में बहते हुए दिखाई दिए। पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का दौर जारी है।

उत्तर भारत में आंधी-बारिश, कई जगह पेड़ गिरे

प्री-मानसून गतिविधियों के चलते उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए।

8 राज्यों में लू का अलर्ट, श्रीगंगानगर सबसे गर्म

मानसून की प्रगति के बावजूद राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग ने 8 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में सोमवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली में पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश और हीटवेव दोनों का असर

मध्य प्रदेश के जबलपुर, बड़वानी सहित 18 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में 10 और 11 जून को हीटवेव की चेतावनी दी गई है। राज्य में मानसून 15 से 18 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है।

अगले दो दिनों का मौसम

10 जून: बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना।

11 जून: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।

यह भी पढे़ : जयपुर की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, बच्चे समेत 4 की मौत; 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे रिहायशी इलाके में मचा हड़कंप, अवैध फैक्ट्री संचालन पर उठे सवाल