Monsoon Plant Care: बारिश का मौसम यूं तो पेड़-पौधों में जान डाल देता है। पेड़-पौधे हरे-भरे दिखते हैं, लेकिन साथ ही कुछ समस्याएं भी देखने को मिलती हैं। इनमें सबसे आम समस्या है पौधों की पत्तियों का पीला पड़ना। अगर आपके मनी प्लांट, तुलसी, गुड़हल या किसी इंडोर प्लांट की पत्तियां पीली होने लगी हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सही वजह समझकर और समय पर देखभाल कर आप अपने पौधे फिर से हरे-भरे कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे।
मॉनसून में पत्ते पीले पड़ने का कारण?
बारिश के दौरान मिट्टी लंबे समय तक गीली रहती है। धूप कम निकलती है, हवा का बहाव भी कम हो जाता है और नमी बढ़ जाती है। इसी नमी के कारण जड़ें गलने लगती हैं। साथ ही, ऐसे माहौल में फंगस और बैक्टीरिया भी तेजी से फैलते हैं। इसकी वजह से पौधों की जड़ें ठीक से काम नहीं कर पातीं और पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। आइए जानते हैं कुछ जरूरी बातों के बारे में।
1) जरूरत से ज्यादा पानी डालना
मॉनसून में सबसे बड़ी गलती पौधों को रोज पानी देना है। बारिश के कारण मिट्टी पहले से ही गीली रहती है। ऐसे में अगर आप पौधों को और पानी देंगे, तो इससे जड़ों में सड़न शुरू हो सकती है। वहीं, जब जड़ें सड़ना शुरू होती हैं, तो सबसे पहले पत्तियां पीली होने लगती हैं।
2) जरूरत से ज्यादा खाद डालना
बारिश के मौसम में पौधों में ज्यादा खाद डालने से उसकी परत जड़ों के आसपास जमा हो जाती है। अगर मिट्टी की सतह पर सफेद परत दिखाई दे या पत्तियों के किनारे भूरे होने लगें, तो कुछ समय तक खाद देना बंद कर दें।
3) मिट्टी का pH और पोषक तत्वों की कमी
अगर मिट्टी का pH सही नहीं है, तो पौधे मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों को भी नहीं ले पाते। इसके अलावा नाइट्रोजन, आयरन, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी से भी पत्तियां पीली होने लगती हैं। ऐसे में समय-समय पर मिट्टी की जांच करें। इसके बाद संतुलित खाद का इस्तेमाल करें। इससे आपके पौधे फिर से हरे-भरे दिखने लगेंगे।
4) धूप और हवा की कमी को नजरअंदाज करना
इन सब से अलग, मॉनसून में लगातार बादल रहने से पौधों को कम धूप मिलती है। वहीं, इंडोर प्लांट्स अगर बंद कमरे में रखे हों, तो उन्हें पर्याप्त हवा भी नहीं मिल पाती। इससे फंगस और बैक्टीरिया का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए पौधों को ऐसी जगह रखें, जहां हल्की धूप और अच्छी हवा आती हो।
यही कुछ छोटी-छोटी बातें हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर आप अपने घरों और आसपास के पेड़-पौधों की देखभाल कर सकते हैं और उन्हें बिल्कुल हरा-भरा और सुनहरा रख सकते हैं।
Written by – Anushka
यह भी पढ़े…बेंगलुरु में लॉ छात्रा की चाकू मारकर हत्या, पूर्व प्रेमी और उसके भाई गिरफ्तार








