Home » राष्ट्रीय » यूपी-बिहार में बारिश का कहर: बिजली- पेड़ गिरने से 13 की मौत, दिल्ली-हरियाणा में पारा 43°C पार

यूपी-बिहार में बारिश का कहर: बिजली- पेड़ गिरने से 13 की मौत, दिल्ली-हरियाणा में पारा 43°C पार

यूपी-बिहार में बिजली का कहर, 13 की मौत

Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश हो रही है। वहीं, दूसरी ओर देश के छह राज्यों में अभी भी तेज गर्मी का असर बना हुआ है। हरियाणा और दिल्ली में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।

उत्तर प्रदेश में मानसून के लिए मौसम सिस्टम सक्रिय

उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री के लिए मौसम का सिस्टम सक्रिय हो गया है। सोमवार को राजधानी लखनऊ समेत राज्य के 15 जिलों में तेज बारिश हुई। मिर्जापुर में बारिश के बाद एक अंडरपास में लगभग 3 फीट तक पानी भर गया।फिरोजाबाद के एक गांव में तेज बारिश और हवा के कारण नीम का पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। वहीं, बस्ती और महराजगंज में बिजली गिरने से 2 लोगों की जान चली गई।

बिहार और छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से मौतें

बिहार के 15 जिलों में सोमवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में बिजली गिरने की घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग झुलस गए।छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भी सोमवार शाम बिजली गिरने से बड़ा हादसा हुआ। यहां 2 बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। वहीं, मध्य प्रदेश के 12 जिलों में सोमवार को बारिश दर्ज की गई।

Monsoon Update: यूपी-बिहार में बिजली का कहर, 13 की मौत
यूपी-बिहार में बिजली का कहर, 13 की मौत

मानसून 22 राज्यों तक पहुंचा

मानसून ने 24 जून को मध्य प्रदेश और गुजरात में प्रवेश किया था। इसके बाद अब तक यह 22 राज्यों को कवर कर चुका है, लेकिन इसके आगे बढ़ने की रफ्तार धीमी हो गई है।मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई तक मानसून पूरे देश में पहुंच सकता है और सभी हिस्सों को कवर कर सकता है।

असम में बाढ़ का संकट

अरुणाचल प्रदेश और असम के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश से लेकू नदी उफान पर आ गई, जिसका असर असम के जोनाई क्षेत्र में भी देखने को मिला। यहां भीषण बाढ़ आ गई और नेशनल हाईवे-515 भी पानी में डूब गया।असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, राज्य के छह जिलों में बाढ़ से 22 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान धेमाजी जिले में हुआ है, जहां करीब 16 हजार लोग प्रभावित हैं।बाढ़ के कारण 96 गांव पानी में डूब गए हैं। इसके अलावा लगभग 1690 हेक्टेयर फसल और 48 हजार से अधिक जानवर प्रभावित हुए हैं।

छह राज्यों में गर्मी का कहर

देश के कई राज्यों में बारिश के साथ-साथ गर्मी का असर भी जारी है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई शहरों में बुधवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया।

देश में सबसे अधिक तापमान हरियाणा के रोहतक में दर्ज किया गया, जहां पारा 43.5°C तक पहुंच गया। इसके अलावा दिल्ली में 43.4°C, उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.2°C, मध्य प्रदेश के खजुराहो में 41.2°C, पंजाब के आनंदपुर साहिब में 40.6°C और गुजरात के सुरेंद्रनगर में 40.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Monsoon Update: अगले दो दिनों में कैसा रहेगा मौसम

1 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान

छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है।बिहार में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है। मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।राजस्थान में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अभी भी हीटवेव का असर जारी रहेगा।

2 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान

आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय इलाकों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।इसके अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में लगातार पांचवें दिन भी हीटवेव का अलर्ट जारी है।

Monsoon Update: राज्यों में मौसम का हाल

मध्य प्रदेश: 50 जिलों में बारिश का अलर्ट, 2 जुलाई से नया सिस्टम सक्रिय

मध्य प्रदेश के बैतूल, छिंदवाड़ा समेत 50 जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में करीब 100 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने बताया कि 2 जुलाई से प्रदेश में एक नया मौसम सिस्टम बन रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश और तेज हो सकती है।

राजस्थान: 26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, गर्मी भी जारी

राजस्थान में प्री-मानसून बारिश के चलते आज 26 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, राज्य के कई हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है।जून के आखिरी दिनों में भी कई इलाकों में दिन का तापमान 45°C तक पहुंच रहा है। जोधपुर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। जून में भी लोगों को मई जैसी तेज गर्मी महसूस हो रही है।

बिहार: 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश की संभावना

बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। सोमवार को बिजली गिरने की घटनाओं में 4 लोगों की मौत हुई थी। इनमें सीतामढ़ी में 2 लोगों की जान गई, जबकि 24 से ज्यादा लोग झुलस गए।

ये भी पढ़े: बिजनौर पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी, राम मंदिर चंदा विवाद से लेकर यूपी चुनाव तक दिए कई बयान