MP NEWS: आईपीएल में खेलने वाले क्रिकेटर शशांक सिंह (Shashank Singh) और उनके पिता, रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी शैलेष सिंह (Shailesh Singh) के खिलाफ भोपाल में मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया गया है। रातीबड़ थाना पुलिस ने एक कुक की शिकायत पर दोनों सहित एक अन्य कर्मचारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी नौकरी का झांसा देकर बुलाने का आरोप
रीवा निवासी विपेंद्र सिंह तोमर ने आरोप लगाया कि परिचित के माध्यम से उन्हें भोपाल बुलाया गया, जहां शैलेष सिंह के घर खाना बनाने का काम और बाद में सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया। नीलबड़ स्थित आवास पर 15 हजार रुपये मासिक वेतन, रहने और खाने की व्यवस्था तय हुई थी।
MP NEWS: खाना पसंद नहीं आने पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि काम शुरू करने के कुछ घंटे बाद ही लगातार काम कराया गया। जब उन्होंने नौकरी छोड़ने की इच्छा जताई तो उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, मोबाइल छीन लिया गया और जबरन काम कराया गया। बाद में कमरे में बंद होने पर शैलेष सिंह, शशांक सिंह और एक ड्राइवर द्वारा मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
रोते हुए वीडियो किया जारी
घटना के बाद विपेंद्र सिंह ने रोते हुए एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती बताई। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल वापस नहीं किया गया। उनके शरीर और चेहरे पर चोट के निशान होने का भी दावा किया गया।

MP NEWS: पुलिस ने दर्ज किया मामला
रातीबड़ थाना पुलिस के अनुसार, शिकायत और गवाहों के बयान के आधार पर शैलेष सिंह, शशांक सिंह और एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
इसी वर्ष मई में विदिशा निवासी एक युवक ने भी शैलेष सिंह पर नौकरी के दौरान बंधक बनाने, मारपीट करने, मोबाइल और सामान छीनने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। उस मामले की भी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की गई थी।
IPL में शशांक का प्रदर्शन
शशांक सिंह ने अब तक आईपीएल में 53 मैच खेलकर 905 रन बनाए हैं। हालांकि 2026 के सीजन में उनका प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा और उन्होंने 12 मैचों में 132 रन बनाए। गेंदबाजी में भी उन्होंने इस सीजन चार विकेट हासिल किए।








