Home » राष्ट्रीय » मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात: 9 अगस्त से भोपाल-रीवा समेत 4 नए हवाई रूट पर शुरू होंगी सीधी उड़ानें

मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात: 9 अगस्त से भोपाल-रीवा समेत 4 नए हवाई रूट पर शुरू होंगी सीधी उड़ानें

Mp News: मध्य प्रदेश को 9 अगस्त को मिलेंगी 4 नई उड़ानें

Mp News: मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। 9 अगस्त को प्रदेश को चार नई सीधी हवाई सेवाओं की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में इन सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू भी मौजूद रहेंगे। नई उड़ानों से प्रदेश के प्रमुख शहरों की देश के दूसरे हिस्सों से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

इन चार रूट पर शुरू होंगी उड़ानें

नई हवाई सेवाओं के तहत भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल से रीवा जाने वाली पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे। इन सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा। इससे खास तौर पर भोपाल, रीवा और जबलपुर से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेगा। साथ ही मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

Mp News: हर राउंड ट्रिप पर 10 लाख तक की मदद

राज्य सरकार नई हवाई सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। इन सभी नए घरेलू मार्गों पर प्रत्येक राउंड ट्रिप के लिए सरकार की ओर से 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग दी जाएगी। सरकार का कहना है कि हवाई सेवाओं का विस्तार प्रदेश के आर्थिक और पर्यटन विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अब तक 8 नए एयर रूट स्वीकृत

मध्य प्रदेश सरकार ने हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए नागरिक विमानन नीति-2025 लागू की है। इसके तहत अब तक कुल आठ नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से चार रूट पर उड़ान सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। इनमें रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी मार्ग शामिल हैं। अब चार नए रूट पर सेवाएं शुरू होने के साथ प्रदेश के एयर नेटवर्क का और विस्तार होगा।