Mushtaq Khan: ‘वेलकम’ और ‘आशिकी’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता मुश्ताक खान का गुरुवार को 75 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।मुश्ताक खान के बेटे ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद उनकी जनाजे की नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद यारी रोड कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन पर सनी देओल, अनुपम खेर समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने दुख जताया। वहीं, अभिनेता राजपाल यादव ने बताया कि निधन से करीब 2 घंटे पहले ही वह मुश्ताक खान से मिलकर आए थे।
Mushtaq Khan: करीब 5 साल पहले पता चला था कैंसर
मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे अभिनेता का निधन हुआ। उन्हें लगभग 5 साल पहले कैंसर के बारे में पता चला था और इलाज के बाद वह ठीक भी हो गए थे। हालांकि, करीब 8 दिन पहले कैंसर दोबारा लौट आया। इसके बाद उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि बीमारी आखिरी स्टेज में पहुंच चुकी थी।

250 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर कस्बे में जन्मे मुश्ताक खान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। साल 1980 में फिल्म ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा।चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में मुश्ताक खान ने 250 से अधिक फिल्मों में काम किया। 1990 के दशक में वह ‘आशिकी’, ‘सड़क’, ‘साथी’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘क्रांतिवीर’, ‘राजा’, ‘मेजर साब’ और ‘मन’ जैसी फिल्मों में नजर आए।
Mushtaq Khan: इन किरदारों से मिली खास पहचान
‘आशिकी’ में दर्जी रफू मास्टर और ‘हम हैं राही प्यार के’ में भगवती प्रसाद मिश्रा के किरदार ने उन्हें काफी लोकप्रियता दिलाई। इसके बाद उन्होंने ‘हेरा फेरी’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’, ‘जोड़़ी नं. 1’ और ‘राउडी राठौर’ जैसी फिल्मों में कॉमेडी और सपोर्टिंग रोल निभाए।साल 2007 में आई फिल्म ‘वेलकम’ में उन्होंने मजनू भाई के साथी बल्लू का किरदार निभाया था। इस भूमिका से उन्हें खास पहचान मिली। इसके बाद वह ‘वेलकम बैक’, ‘स्त्री’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए।
टीवी शोज में भी किया काम
मुश्ताक खान ने फिल्मों के अलावा टेलीविजन पर भी अभिनय किया। वह ‘अदालत’, ‘चाचा चौधरी’, ‘टेढ़े-मेढ़े सपने’ और ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे टीवी शोज का हिस्सा रहे।हाल के वर्षों में भी वह फिल्मों में सक्रिय रहे। साल 2025 में वह ‘जाट’ में इंस्पेक्टर मुश्ताक की भूमिका में नजर आए। इसी साल उन्होंने ‘उदयपुर फाइल्स’ में वीरेंद्र कुमार मीणा का किरदार निभाया। इसके अलावा वह ‘किस किसको प्यार करूं 2’ में भी दिखाई दिए।साल 2026 में मुश्ताक खान ‘भाभीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’, ‘हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं’ और ‘कोकिन’ में नजर आए।

Mushtaq Khan: पत्नी और तीन बच्चों को पीछे छोड़ गए
मुश्ताक खान अपने पीछे पत्नी सलमा खान, दो बेटों और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके बड़े बेटे का नाम मोहम्मद अरशद खान, छोटे बेटे का नाम मोहसिन खान और बेटी का नाम सबा शेख है।एक इंटरव्यू में मुश्ताक खान ने बताया था कि उन्हें कभी किसी से प्यार हुआ था, लेकिन यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद उन्होंने शादी न करने का फैसला किया था। हालांकि, बाद में माता-पिता की इच्छा पर उन्होंने सलमा खान से अरेंज मैरिज की।उनके बड़े बेटे मोहम्मद अरशद खान ने फिल्म इंडस्ट्री से अलग अपना करियर चुना है। वहीं, छोटे बेटे मोहसिन खान फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। वह अभिनय नहीं करते, बल्कि निर्देशक और निर्माता हैं। उन्होंने मराठी कॉमेडी फिल्म ‘डिलीवरी बॉय’ का निर्देशन किया है।
नवंबर 2024 में हुआ था अपहरण
नवंबर 2024 में मुश्ताक खान को एक अवॉर्ड फंक्शन में बुलाने के बहाने किडनैप कर लिया गया था। उन्हें मेरठ में एक कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाने की बात कही गई थी। बदमाशों ने उनका भरोसा जीतने के लिए पहले 25 हजार रुपये एडवांस भेजे और मुंबई से दिल्ली की फ्लाइट टिकट भी बुक कराई थी।20 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद एक कैब उन्हें मेरठ लेकर रवाना हुई। रास्ते में उन्हें दूसरी गाड़ी में बैठा लिया गया। इसके बाद बंदूक के बल पर उनका अपहरण कर लिया गया। बदमाश उन्हें बिजनौर के एक घर में ले गए, जहां करीब 12 घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान आरोपियों ने 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी।
Mushtaq Khan: मौका मिलते ही भाग निकले थे
अगली सुबह कुछ अपहरणकर्ता नशे में थे और कुछ सो रहे थे। इसी दौरान मुश्ताक खान वहां से भागने में सफल रहे। वह पास की एक मस्जिद में पहुंचे और वहां मौजूद स्थानीय लोगों से मदद मांगी। इसके बाद लोगों ने उनके परिवार और पुलिस को जानकारी दी।पुलिस के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं ने उनके बैंक खाते से करीब 2.2 लाख रुपये भी निकाल लिए थे। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शक्ति कपूर और राजेश पुरी समेत कुछ अन्य कलाकारों को भी इसी तरीके से अपने जाल में फंसाने की कोशिश की थी।

अनुपम खेर ने याद किए पुराने दिन
अनुपम खेर ने एक वीडियो शेयर कर मुश्ताक खान के निधन पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। अनुपम खेर के मुताबिक, मुश्ताक खान बेहद सहज स्वभाव के थे और उनका सेंस ऑफ ह्यूमर भी काफी अच्छा था।उन्होंने बताया कि पिछले 4-5 साल से वह मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन से लगातार संपर्क में थे। अनुपम ने कहा कि कुछ महीने पहले ही उनकी मुश्ताक खान से बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया कि अभिनेता बहुत बेबाकी से अपनी बात रखते थे। अनुपम खेर ने उनके परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
Mushtaq Khan: सनी देओल ने भी जताया दुख
सनी देओल ने भी मुश्ताक खान के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान एक अच्छे इंसान होने के साथ-साथ बेहतरीन अभिनेता भी थे। सनी ने उनके साथ बिताए समय को याद करते हुए कहा कि उनसे जुड़ी उनकी कई अच्छी यादें हैं।

राजपाल यादव ने कहा- 2 घंटे पहले ही हुई थी मुलाकात
राजपाल यादव ने X पर पोस्ट कर बताया कि वह गुरुवार दोपहर मुश्ताक खान से मिलने गए थे। उनके मुताबिक, मुश्ताक खान ने उन्हें देखा, हाथ मिलाया और उनकी बातें सुनकर प्रतिक्रिया भी दी।राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि जिस शख्स से वह सिर्फ 2 घंटे पहले मिले थे, वह अब उनके बीच नहीं रहा। उन्होंने अभिनेता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
संजय मिश्रा बोले- एक समय पर गार्जियन जैसे थे
‘वेलकम’ में मुश्ताक खान के साथ काम कर चुके अभिनेता संजय मिश्रा ने भी उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान केवल एक अच्छे अभिनेता नहीं थे, बल्कि एक समय पर उनके लिए गार्जियन की तरह भी रहे।संजय मिश्रा ने बताया कि जब भी उन्हें किसी सलाह की जरूरत होती थी, वह मुश्ताक खान से बात करते थे। उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान बहुत अच्छे कलाकार थे, लेकिन उन्हें उतना क्रेडिट नहीं मिला, जितना मिलना चाहिए था।‘वेलकम’ की शूटिंग के दिनों को याद करते हुए संजय मिश्रा ने कहा कि मुश्ताक खान बेहद अच्छे इंसान थे। उन्होंने बताया कि दोनों ने ‘वेलकम’ में साथ काम किया था और मुश्ताक खान ने उन्हें पूरा दुबई भी घुमाया था।








