Breaking News
Home » Trending » NEET पेपर लीक केस में दो और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 7 लोग पकड़े गए

NEET पेपर लीक केस में दो और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 7 लोग पकड़े गए

NEET Paper Leak:

NEET Paper Leak: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI की जांच लगातार तेज होती जा रही है। गुरुवार को एजेंसी ने देशभर में 14 जगहों पर छापेमारी कर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है।

CBI ने बताया कि पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में कार्रवाई की गई। एजेंसी ने महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से धनंजय लोखंडा और पुणे से मनीषा वाघमारे को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है।

12 मई को दर्ज हुआ था केस

CBI ने यह मामला 12 मई को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर दर्ज किया था। इसके बाद एजेंसी लगातार अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक, कई और संदिग्धों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

NEET Paper Leak: अब तक यह आरोपी गिरफ्तार 

CBI अब तक जिन 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, उनमें शामिल हैं

  • शुभम खैरनार (नासिक)
  • मांगीलाल बिवाल (जयपुर)
  • विकास बिवाल (जयपुर)
  • दिनेश बिवाल (जयपुर)
  • यश यादव (गुरुग्राम)
  • धनंजय लोखंडा (अहिल्यानगर)
  • मनीषा वाघमारे (पुणे)

NEET Paper Leak: 5 आरोपियों को 7 दिन की CBI कस्टडी

इससे पहले गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों को गुरुवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 7 दिन की CBI हिरासत में भेज दिया है। CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

पेपर लीक के बाद रद्द हुई परीक्षा

NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर से 23 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आने पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए। कई छात्र संगठनों ने NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

NTA का बचाव

NTA ने कहा कि परीक्षा रद्द करने का फैसला छात्रों के हित में लिया गया। एजेंसी का कहना है कि अगर परीक्षा रद्द नहीं की जाती, तो आने वाले वर्षों तक कोर्ट में विवाद चलता रहता और असली छात्रों को नुकसान होता।

जून अंत या जुलाई में हो सकती है दोबारा परीक्षा

अब NEET-UG परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, नई परीक्षा जून के आखिरी सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकती है। मेडिकल संस्था FAIMA ने चेतावनी दी है कि अगर परीक्षा में ज्यादा देरी हुई, तो MBBS सत्र प्रभावित हो सकता है।

यह भी पढे़ : मैक्रों दंपती के रिश्ते पर नई किताब से बवाल दावा- ईरानी मूल की अभिनेत्री से चैट को लेकर वियतनाम दौरे में हुआ था विवाद