NEET Re Exam Security: NEET पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहा है। इस मुद्दे पर देशभर में चर्चा हो रही है और परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर भी बहस तेज हो गई है। इसी बीच सरकार ने NEET री-एग्जाम को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से कराने के लिए नई रणनीति तैयार की है। खबर है कि परीक्षा के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए इंडियन एयरफोर्स की मदद ली जा सकती है। बताया जा रहा है कि अलग-अलग शहरों तक प्रश्नपत्र विमान के जरिए पहुंचाए जा सकते हैं ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
प्रश्नपत्र पहुंचाने में इंडियन एयरफोर्स की मदद
सूत्रों के अनुसार, 21 जून को होने वाली री-एग्जाम परीक्षा के प्रश्नपत्रों को सुरक्षित तरीके से अलग-अलग शहरों तक पहुंचाने के लिए इंडियन एयरफोर्स को शामिल किया जा सकता है। सरकार इस पूरी प्रक्रिया में “Whole-of-Government Approach” पर काम कर रही है। इसके तहत गृह मंत्रालय, राज्य पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां मिलकर परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटी हैं।
NEET Re Exam Security: मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम रहेगा लागू
जानकारी के मुताबिक, NEET प्रश्नपत्रों को प्रिंटिंग प्रेस से सीधे हाई सिक्योरिटी स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इस दौरान कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी ताकि पेपर लीक जैसी किसी भी घटना को रोका जा सके।
सुरक्षा के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग, GPS ट्रैकिंग और हर स्तर पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी रखी जाएगी। सरकार की कोशिश है कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए और छात्रों व अभिभावकों का भरोसा फिर से कायम किया जा सके।
सुप्रीम कोर्ट में आज जवाब दाखिल करेगा NTA
दूसरी ओर, NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में भी जारी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को आज सर्वोच्च अदालत में अपना जवाब दाखिल करना है। इस पूरे मामले पर करीब 23 लाख अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की नजर बनी हुई है।
विपक्ष लगातार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सरकार से सवाल पूछ रहा है। वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए बड़े स्तर पर सुधार करने की तैयारी भी की जा रही है।
ये भी पढ़ें…ओडिशा के बालासोर में टला बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ियों पर गिरा भारी क्रेन, ट्रेन संचालन प्रभावित








