NEET-UG Protest: NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलन के बीच भारतीय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों ने छात्रों के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर, पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह और भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने सोशल मीडिया के जरिए शिक्षा, संवाद और युवाओं के बेहतर भविष्य की वकालत की है।
संजय मांजरेकर बोले- युवाओं को दबाइए मत
पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मैं भारत के युवाओं के साथ खड़ा हूं। उन्हें दबाइए मत, उन्हें उड़ान भरने का मौका दीजिए। यही युवा भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।” उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
NEET-UG Protest: युवराज सिंह ने शांति और संवाद पर दिया जोर
पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से छात्रों के लिए संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि देश के हर बच्चे, छात्र, महिला और पुरुष को सुरक्षित वातावरण में सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए। युवराज ने लिखा कि भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए संवाद और सौहार्दपूर्ण समाधान जरूरी हैं तथा समाज को युवाओं के लिए अवसर और उम्मीद का वातावरण तैयार करना चाहिए।
शुभमन गिल ने युवाओं की आवाज का किया सम्मान
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी में कहा कि हर युवा को सीखने, सपने देखने और अपने भविष्य को बनाने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने लिखा, “मैं उन सभी युवाओं का सम्मान करता हूं जो शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने में विश्वास रखते हैं।” गिल ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं की आकांक्षाओं और अवसरों से जुड़ा हुआ है।
NEET-UG Protest: NEET विवाद के बीच बढ़ रहा समर्थन
NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्र आंदोलन जारी है। इस बीच खेल जगत की इन प्रमुख हस्तियों के सार्वजनिक समर्थन को छात्रों के आंदोलन के प्रति बढ़ती सामाजिक संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है।
ये भी पढ़े… सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद क्यों तोड़ा अनशन? सरकार से बातचीत से लेकर पूरा पूरी घटनाक्रम








