Noida Fire News: उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सेक्टर-66 स्थित ममूरा इलाके की एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 26 वर्षीय महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवार अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
Noida Fire News: दमकल विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, कई लोगों को खिड़कियों से निकाला-
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। बचाव कार्य के लिए सात फायर टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष रेस्क्यू वाहन लगाए गए। आग और धुएं के बीच फंसे लोगों को सामने की इमारत से सीढ़ियां लगाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ लोगों को खिड़कियों के रास्ते भी रेस्क्यू किया गया। आग पर काबू पाने के साथ-साथ दमकल कर्मियों ने पूरे भवन को खाली कराया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
Noida Fire News: धुएं से बिगड़ी हालत, दो लोगों की मौत और दो अस्पताल में भर्ती-
गौतम बुद्ध नगर के जॉइंट कमिश्नर राजीव नारायण ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की। हादसे में 26 वर्षीय महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। वहीं, धुएं और आग की चपेट में आने से झुलसे दो अन्य लोगों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग से ऊपर फैला धुआं-
अधिकारियों के अनुसार जिस इमारत में आग लगी वह जी प्लस चार (G+4) संरचना थी। इमारत में बेसमेंट नहीं था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनाई गई थी। आग लगने के बाद पार्किंग से निकला घना धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया, जिससे लोग अपने फ्लैटों में फंस गए। हर मंजिल पर लगभग पांच परिवार रहते थे और कुल मिलाकर करीब 50 परिवार इस इमारत में निवास कर रहे थे। दमकल विभाग ने समय रहते सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ई-व्हीकल चार्जिंग के दौरान हादसे की आशंका, एफआईआर दर्ज-
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग संभवतः एक इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करते समय लगी। अधिकारियों के मुताबिक चार्जिंग के दौरान निकली चिंगारी ने पहले वाहन को अपनी चपेट में लिया और बाद में आग पास में खड़ी पेट्रोल से चलने वाली गाड़ियों तक फैल गई। देखते ही देखते पूरी पार्किंग आग की लपटों में घिर गई और धुआं पूरे भवन में फैल गया। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत फेज-3 थाने में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही इमारत के मालिक और लीजहोल्डर को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Written By – RASHMI SHARMA








