Noida news: नोएडा में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर अपराधियों ने टेलीकॉम विभाग से रिटायर्ड 71 वर्षीय इंजीनियर से 75 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। ठगों ने पहले भरोसा जीतने के लिए मुनाफे का झांसा दिया और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस जांच में जुट गई है।
व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर शुरू किया खेल
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हैमलेट सोसाइटी में रहने वाले आलोक सहदेव को 25 फरवरी को एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया था। इस ग्रुप का नाम ‘वेल्थ एलायंस’ था। ग्रुप में शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने के दावे किए जा रहे थे।
Noida news: फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर बनाया भरोसा
ग्रुप में लगातार मुनाफे के स्क्रीनशॉट और ट्रेडिंग अपडेट शेयर किए जाते थे। इससे बुजुर्ग इंजीनियर को लगा कि यह निवेश का भरोसेमंद प्लेटफॉर्म है। आरोपियों ने उनसे एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया और दावा किया कि इसके जरिए भारतीय और विदेशी शेयर बाजार में निवेश किया जा सकता है।
Noida news: शुरुआत में दिया मुनाफा, फिर फंसाया जाल में
पीड़ित ने शुरुआत में छोटी रकम निवेश की, जिस पर उन्हें करीब 8 हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया। इसी मुनाफे ने उनका भरोसा और बढ़ा दिया। इसके बाद ठगों ने उन्हें बड़ी रकम निवेश करने के लिए उकसाया और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाते गए।
शेयर अलॉटमेंट का बहाना बनाकर ऐंठे लाखों
आरोपियों ने बाद में कहा कि उनके नाम ज्यादा शेयर अलॉट हो गए हैं। यदि अतिरिक्त रकम जमा नहीं की गई तो उनका खाता ब्लॉक कर दिया जाएगा। इस दबाव में आकर बुजुर्ग ने कई किश्तों में पैसे जमा कर दिए।
पैसे देने से मना किया तो ब्लॉक कर दिया अकाउंट
जब पीड़ित ने और पैसे देने से इनकार किया तो उनका ट्रेडिंग ऐप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप से भी हटा दिया गया और ऐप पर दिख रहा पूरा मुनाफा अचानक गायब हो गया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
साइबर पुलिस कर रही जांच
Noida news: पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर हुई थी। संदिग्ध खातों पर रोक लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़े: मीटर रीडर को ‘मुर्गा’ बनाना पड़ा भारी, वीडियो वायरल, SDO पर गिरी गाज, नौकरी से निकाला गया!








