North India Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में 9 सितंबर तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्व के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है।
North India Rain Alert: दिल्ली-NCR समेत इन इलाकों में बारिश के आसार-
IMD के मुताबिक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 7 से 10 सितंबर के बीच तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद 11 से 13 सितंबर के दौरान इन इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा के लिए 13 सितंबर तक भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
North India Rain Alert: बरेली में रिकॉर्ड 38 सेंटीमीटर बारिश-
पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली में भारी बारिश ने सबसे ज्यादा असर दिखाया। IMD के मुताबिक, यहां 38 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के महसी (बहराइच) में 18 सेंटीमीटर, उत्तराखंड के गूलरभोज में 15 सेंटीमीटर और बिहार के लौकही (मधुबनी) में 12 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
एक साथ सक्रिय हैं कई मौसम प्रणालियां-
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय वातावरण में कई मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं। दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र का कम दबाव वाला क्षेत्र अब मध्य उत्तर प्रदेश के आसपास सक्रिय है, जिसके कारण साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात से लेकर उत्तर प्रदेश के कम दबाव वाले क्षेत्र तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। वहीं, मध्य क्षोभमंडलीय स्तर पर कश्मीर और आसपास के इलाकों में एक Western Disturbance भी सक्रिय है। इन सभी प्रणालियों के कारण उत्तर, पूर्वी और मध्य भारत में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत में फिलहाल बारिश के आसार कम-
दक्षिण भारत के राज्यों में अगले 6-7 दिनों तक बारिश की संभावना काफी कम बताई गई है। हालांकि, केरल और माहे में 7 से 9 सितंबर के बीच उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।








