Patna Airport: दिल्ली से 164 यात्रियों को पटना ला रहे एयर इंडिया के विमान से लैंडिंग के दौरान पक्षी टकरा गया। पायलट की तत्परता से विमान को सुरक्षित उतार लिया गया और सभी यात्री व क्रू मेंबर्स सुरक्षित रहे।
Patna Airport: लैंडिंग के वक्त हुआ बर्ड हिट-
बिहार की राजधानी पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह दिल्ली से आ रहे एयर इंडिया के एक विमान से लैंडिंग के दौरान पक्षी टकरा गया। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और तत्परता से विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, दिल्ली से पटना आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1741 सोमवार सुबह करीब 7:44 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरने वाली थी। रनवे के करीब पहुंचते ही पायलट को विमान से पक्षी के टकराने की आशंका हुई। इसकी सूचना तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी गई।
Patna Airport: एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू-
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियातन इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया। दमकल और एंबुलेंस की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया। इसके बाद विमान ने सुरक्षित तरीके से रनवे पर लैंडिंग की।
जांच में बर्ड हिट की पुष्टि, इंजन सुरक्षित-
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद इंजीनियरों की तकनीकी टीम ने विमान और रनवे का गहन निरीक्षण किया। जांच में पक्षी के टकराने की पुष्टि हुई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इंजन या विमान के किसी अन्य हिस्से को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
सभी जरूरी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली की वापसी उड़ान AI 1852 के लिए क्लीयरेंस दे दिया गया। हालांकि, तकनीकी जांच के कारण वापसी की फ्लाइट करीब 79 मिनट की देरी से रवाना हुई।
सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित-
हवाई अड्डे के अधिकारियों के मुताबिक, विमान में कुल 164 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। सभी लोग सुरक्षित रहे और उन्हें बिना किसी नुकसान के विमान से बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हवाई पट्टी का निरीक्षण किया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इस घटना का सामान्य हवाई परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और अन्य उड़ानें अपने निर्धारित समय पर संचालित होती रहीं।
एक सप्ताह में दूसरी बार बर्ड हिट-
पटना एयरपोर्ट पर एक सप्ताह के भीतर एयर इंडिया के विमान से पक्षी टकराने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 17 अगस्त को भी दिल्ली-पटना फ्लाइट से पक्षी टकराया था। उस घटना के बाद विमान को दो दिनों तक ग्राउंडेड रखना पड़ा था। एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा उपायों और निगरानी को और कड़ा किया जा रहा है।
यह भी पढ़े- तमिलनाडु CM विजय के महिलाओं के लिए बड़े ऐलान, ट्रांसजेंडर्स को भी तोहफा








