Petrol Pump Free Services: देशभर के पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों के लिए कई जरूरी सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराना अनिवार्य है। हालांकि जानकारी की कमी के कारण अधिकांश लोग इन सेवाओं का लाभ नहीं उठा पाते। सड़क यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पेट्रोल पंप संचालकों के लिए कुछ बुनियादी सुविधाएं देना जरूरी किया है।
अगर किसी पेट्रोल पंप पर ये सुविधाएं नहीं मिलतीं या इनके बदले पैसे मांगे जाते हैं, तो ग्राहक इसकी शिकायत कर सकते हैं। शिकायत PG Portal पर दर्ज की जा सकती है।
टायर में हवा भरना पूरी तरह मुफ्त
हर पेट्रोल पंप पर गाड़ियों के टायरों में हवा भरने की मशीन और इसके लिए कर्मचारी उपलब्ध होना जरूरी है।इसके लिए ग्राहक से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा सकता। अगर एयर मशीन खराब हो या वहां कर्मचारी मौजूद न हो, तो ग्राहक पंप मैनेजर से शिकायत कर सकते हैं। यह सुविधा सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
Petrol Pump Free Services: साफ शौचालय की सुविधा भी अनिवार्य
पेट्रोल पंपों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग और साफ शौचालय उपलब्ध कराना भी जरूरी है।यदि टॉयलेट गंदे हों, बंद हों या उन पर ताला लगा हो, तो ग्राहक इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पेट्रोल पंप संचालकों के लिए शौचालय को हर समय साफ और उपयोग योग्य रखना अनिवार्य है।
मुफ्त मिलता है पीने का पानी
भीषण गर्मी और लंबी यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए पीने के साफ पानी की व्यवस्था भी हर पेट्रोल पंप पर अनिवार्य है। इसके लिए पंप पर आरओ सिस्टम या वाटर कूलर होना चाहिए, ताकि ग्राहकों को स्वच्छ पानी मिल सके। यह सुविधा भी पूरी तरह मुफ्त होती है और इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जा सकता। सरकार का उद्देश्य यात्रियों को सफर के दौरान बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना है।
यह भी पढे़ : विजय तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री बने: शपथ के दौरान राज्यपाल ने टोका, पहला फैसला 200 यूनिट फ्री बिजली का








