Home » Breaking News » दुनिया का भरोसा जीत रहा भारत! पीयूष गोयल बोले- लॉन्ग टर्म निवेश के लिए सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बना देश

दुनिया का भरोसा जीत रहा भारत! पीयूष गोयल बोले- लॉन्ग टर्म निवेश के लिए सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बना देश

PIYUSH GOEL: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि दुनिया भर का दीर्घकालिक निवेश तेजी से भारत की ओर आकर्षित हो रहा है और देश वैश्विक निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद गंतव्य बनकर उभरा है। मुंबई में आयोजित ‘सिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026’ को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क और टोरंटो में निवेशकों के साथ हुई हालिया बैठकों ने भारत की विकास क्षमता पर वैश्विक विश्वास को और मजबूत किया है।

निवेशकों के सामने अब केवल समय का सवाल

पीयूष गोयल ने कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने यह सवाल नहीं है कि भारत में निवेश करना चाहिए या नहीं, बल्कि यह है कि वे भारत की विकास गाथा को कितनी जल्दी पहचानकर उसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि आने वाले दो दशकों तक भी देश इस स्थिति को बनाए रखने की क्षमता रखता है।

PIYUSH GOEL: भारत बना विनिर्माण और व्यापार का विश्वसनीय केंद्र

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ने हर वैश्विक संकट को अवसर में बदलने का काम किया है। बदलते भू-राजनीतिक और आर्थिक हालात के बीच देश ने अपनी नीतियों और कारोबारी प्रक्रियाओं को समय के अनुरूप ढाला है। लोकतंत्र, कानून का शासन, निर्णायक नेतृत्व, तकनीकी दक्षता और 140 करोड़ लोगों का विशाल बाजार भारत को निवेश के लिए विशेष रूप से आकर्षक बनाता है।

कनाडा और अमेरिका से मिले सकारात्मक संकेत

गोयल ने अपनी कनाडा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत से अब तक का सबसे बड़ा कारोबारी प्रतिनिधिमंडल उनके साथ गया था। उन्होंने भारत-कनाडा मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर सकारात्मक संकेत मिलने की बात कही। साथ ही पेंशन फंड, बीमा कंपनियों और संस्थागत निवेशकों की भारत में निवेश को लेकर बढ़ती रुचि का भी जिक्र किया।

PIYUSH GOEL: हुंडई और जेसीबी बने सफल निवेश के उदाहरण

पीयूष गोयल ने कहा कि हुंडई ने 1999 में लगभग 20 करोड़ डॉलर के निवेश के साथ भारत में प्रवेश किया था और आज उसे अपने निवेश पर उल्लेखनीय लाभ प्राप्त हुआ है। इसी तरह जेसीबी ने भारत को विनिर्माण केंद्र बनाकर यहां निर्मित उत्पादों का निर्यात लगभग 130 देशों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि ये उदाहरण साबित करते हैं कि भारत बड़े पैमाने पर उत्पादन और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की क्षमता रखता है।

नई तकनीक और नवाचार का केंद्र बन रहा भारत

केंद्रीय मंत्री ने वैश्विक निवेशकों से भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत केवल एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि नवाचार, डिजाइन और उन्नत विनिर्माण का भी उभरता हुआ केंद्र है। उन्होंने निवेशकों से दीर्घकालिक पूंजी निवेश के माध्यम से भारत की नई तकनीकों और भविष्य के उद्योगों में साझेदारी करने का आग्रह किया।

ये भी पढ़े… महरौली के बाद करावल नगर में ढही चार मंजिला इमारत, समय रहते खाली कराने से टला बड़ा हादसा