PM Modi Birthday: 2014 में अंग्रेज पत्रकार एंडी मारिनो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा था कि क्या उनका कोई ऐसा करीबी दोस्त है, जिससे वे तनाव के समय बात करते हैं या सलाह लेते हैं।इस सवाल के जवाब में मोदी ने अपने संघ के दिनों के मेंटर लक्ष्मणराव इनामदार का जिक्र किया। उन्होंने बताया था कि जब वे किसी परेशानी में होते थे, तब इनामदार से खुलकर बात कर लेते थे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि अब उनकी सोचने की प्रक्रिया ऑटो-पायलट की तरह चलती है।मोदी के इस जवाब को उनके भावनात्मक रूप से आत्मनिर्भर रहने के उदाहरण के तौर पर देखा गया। उनके 76वें जन्मदिन के मौके पर उनके व्यक्तित्व से जुड़े ऐसे ही 5 मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर नजर डालते हैं।
1. मुश्किल से निकलकर वापसी करने की क्षमता
साल 1995 में गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर बीजेपी के दो बड़े नेताओं शंकर सिंह वाघेला और केशुभाई पटेल के बीच मतभेद सामने आए। उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात बीजेपी में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने केशुभाई पटेल का समर्थन किया और बाद में केशुभाई मुख्यमंत्री बने।लेकिन कुछ महीनों बाद वाघेला ने 47 विधायकों के साथ बगावत कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को अहमदाबाद में डेरा डालकर मामले को संभालना पड़ा। करीब 2 दिन की बातचीत के बाद वाघेला की कुछ शर्तें मान ली गईं।
इन शर्तों में एक मांग यह भी थी कि नरेंद्र मोदी को गुजरात से बाहर भेजा जाए। इसके बाद मोदी को दिल्ली में राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई।मोदी ने इस बदलाव को परेशानी की जगह एक नए अवसर के रूप में लिया। दिल्ली पहुंचने के बाद वे पार्टी के बड़े नेताओं के संपर्क में आए। उन्होंने हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे उत्तरी राज्यों में संगठन का काम संभाला। इस दौरान उन्होंने कई देशों की यात्राएं कीं, कंप्यूटर और नई तकनीक सीखी और अपने संपर्कों का दायरा बढ़ाया। वे अक्सर दिल्ली स्थित संघ मुख्यालय ‘केशव कुंज’ भी जाते थे।

1998 में केशुभाई पटेल और शंकर सिंह वाघेला के बीच फिर राजनीतिक खींचतान हुई। केशुभाई दोबारा मुख्यमंत्री बने, लेकिन परिस्थितियां ज्यादा समय तक स्थिर नहीं रहीं। 2001 के अंत में गुजरात के लिए नए मुख्यमंत्री की तलाश शुरू हुई।इस दौरान नरेंद्र मोदी संघ, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी—तीनों की पसंद के मानकों पर खरे उतरे। अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें पीएम आवास बुलाकर मजाकिया अंदाज में कहा था कि दिल्ली में पंजाबी खाना खाकर वे काफी मोटे हो गए हैं, इसलिए उन्हें फिर गुजरात लौट जाना चाहिए।
इसके बाद करीब 6 साल बाद मोदी गुजरात लौटे और सीधे मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। उनके राजनीतिक सफर में कई मौकों पर मुश्किल परिस्थितियों के बाद वापसी देखने को मिली है।मोदी खुद कहते रहे हैं कि वे कठिन परिस्थितियों को अवसर में बदलने की कोशिश करते हैं। उनका कहना है कि निजी जीवन हो या राजनीति, वे इसी सोच के साथ आगे बढ़ते हैं। उनके अनुसार, ‘हार’ उनकी शब्दावली का हिस्सा नहीं है और वे रुकने के बजाय लगातार आगे बढ़ने पर ध्यान देते हैं।7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।
PM Modi Birthday: कमबैक क्षमता का मनोविज्ञान
कमबैक क्षमता का मतलब केवल किसी मुश्किल के बाद पहले वाली स्थिति में लौटना नहीं है। इसका एक अर्थ यह भी है कि व्यक्ति अपनी असफलता या कठिन अनुभव से सीखकर पहले से ज्यादा मजबूत और समझदार बनकर आगे बढ़े।
इसे मुख्य रूप से 2 चरणों में समझा जाता है।
रेजिलिएंस: तनाव, परेशानी या किसी बड़े आघात के बाद खुद को दोबारा सामान्य स्थिति में लाने की मानसिक क्षमता।
पोस्ट-ट्रॉमैटिक ग्रोथ: मुश्किल अनुभव से उबरने के बाद व्यक्ति का मानसिक रूप से पहले से अधिक परिपक्व और मजबूत होना।
ऐसे लोग यह मानते हैं कि हर घटना उनके नियंत्रण में नहीं होती, लेकिन उस घटना पर उनका जवाब और उसके बाद की कोशिश उनके हाथ में रहती है। यही सोच उन्हें लंबे समय तक निराशा में फंसे रहने से बचाने में मदद कर सकती है।
2. हर बड़े फैसले की जिम्मेदारी खुद लेना
8 नवंबर 2016 की रात करीब 8:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम संबोधन में नोटबंदी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रात 12 बजे के बाद 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट कानूनी मुद्रा नहीं रहेंगे। इस फैसले के बाद देश में चल रहे करीब 86% नोट चलन से बाहर हो गए।इस फैसले को काफी गोपनीय रखा गया था। यहां तक कि मंत्रियों को भी उसी शाम हुई कैबिनेट बैठक में इसकी जानकारी दी गई।
मोदी ने कहा था कि उन्होंने इस फैसले के लिए पूरी रिसर्च कराई है और अगर यह फैसला सफल नहीं हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी वे खुद लेंगे।इस पूरी प्रक्रिया के लिए तत्कालीन राजस्व सचिव हसमुख अधिया सहित 6 अधिकारियों की टीम बनाई गई थी। इन अधिकारियों को गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी। टीम में कुछ युवा रिसर्चर्स को भी शामिल किया गया था। यह टीम प्रधानमंत्री आवास से काम कर रही थी और करीब एक साल तक इस फैसले से जुड़ी रिसर्च की गई।

नवंबर 2016 से जनवरी 2017 के बीच प्रधानमंत्री ने अपने भाषणों में लगातार काले धन और नोटबंदी का जिक्र किया। इससे सरकार को जनता के बीच इस फैसले को लेकर अपनी बात रखने में मदद मिली।13 नवंबर 2016 को गोवा में मोदी ने नोटबंदी के दौरान लोगों से कहा था कि उन्हें 50 दिनों की परेशानी सहनी होगी।वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत झा की किताब ‘हाऊ द बीजेपी विंस: इनसाइड इंडियास ग्रेटेस्ट इलेक्शन मशीन’ में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के हवाले से लिखा गया है कि मोदी के लगातार बोलने से सरकार को समय मिलता रहा। अधिकारी के मुताबिक, अगर मोदी की राजनीतिक साख नहीं होती तो जनता के गुस्से और संभावित हिंसक प्रतिक्रिया के बीच सरकारी मशीनरी के लिए इस फैसले को लागू करना काफी मुश्किल होता।
प्रधानमंत्री ने कई बड़े फैसलों में खुद नेतृत्व की भूमिका निभाई। उदाहरण के तौर पर, देश में सिर्फ 4 घंटे के नोटिस पर लॉकडाउन लागू करना और सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर रखना। जेन-जी विरोध प्रदर्शनों के बाद भी उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर सेल्फी वीडियो बनाकर पोस्ट किए।किताब ‘नरेंद्र मोदी: अ पॉलिटिकल बायोग्राफी’ के अनुसार, मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली बैठक में मोदी ने अधिकारियों से कहा था कि उन्हें सजा की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से जोखिम लेने को कहा और यह भी कहा कि अगर कोई समस्या आती है तो उसकी जिम्मेदारी वे खुद लेंगे।
PM Modi Birthday: हमेशा नियंत्रण में रहने का मनोवैज्ञानिक पहलू
‘ऑलवेज इन-कमांड’ का अर्थ हर महत्वपूर्ण फैसले में सक्रिय भूमिका लेना और उसके परिणाम की जिम्मेदारी स्वीकार करना है।अमेरिकी मनोवैज्ञानिक जूलियन रोटर की ‘लोकस ऑफ कंट्रोल’ थ्योरी के अनुसार, जो लोग अपनी सफलता और असफलता की जिम्मेदारी खुद लेने की प्रवृत्ति रखते हैं, वे मुश्किल परिस्थितियों में अधिक नियंत्रण महसूस कर सकते हैं।ऐसे लोग बाहरी दबाव या कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य से हटने के बजाय अगले कदम पर ध्यान देने की कोशिश करते हैं। इसे भावनात्मक नियंत्रण से भी जोड़ा जाता है।
3. सामाजिक परिस्थितियों में खुलकर पहल करना
19 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में हुए एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ग्लोबल टेक लीडर्स के साथ ग्रुप फोटो हुई। तस्वीरों में गूगल के सीईओ सुंदर पिचई, ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन और एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई भी नजर आए।
ग्रुप फोटो के दौरान मोदी ने अपने आसपास खड़े लोगों को एक साथ हाथ उठाने का इशारा किया। इस दौरान सैम ऑल्टमैन और डारियो अमोदेई ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ने के बजाय मुट्ठी ऊपर उठाई। इस छोटे से पल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने। एक रिपोर्ट में दोनों के बीच उस समय कुछ असहजता नजर आने की बात कही गई और इसे ओपनएआई तथा एंथ्रोपिक के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा से जोड़कर देखा गया।
इसके बाद ऐसा ही एक दृश्य दिल्ली में हुई ब्रिक्स बैठक के दौरान भी देखने को मिला। 12 सितंबर की शाम 11 सदस्य देशों के नेता ग्रुप फोटो के लिए एक साथ आए। उनके बीच कुछ दूरी थी। कुछ तस्वीरें लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दोनों ओर खड़े रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति का हाथ पकड़कर उन्हें पास लाने का इशारा किया। इसके बाद अन्य नेताओं ने भी एक-दूसरे का हाथ पकड़ा और समूह के बीच की दूरी कम हो गई।
PM Modi Birthday: सोशल बोल्डनेस का क्या मतलब है?
जिन लोगों में सोशल बोल्डनेस अधिक होती है, वे अलग-अलग सामाजिक परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने में सहज महसूस करते हैं।ब्रिटिश-अमेरिकी मनोवैज्ञानिक रेमंड कैटेल ने व्यक्तित्व को समझने के लिए ‘16 पर्सनैलिटी फैक्टर्स’ का मॉडल दिया था। इसमें व्यक्तित्व के 16 पहलुओं में से एक सोशल बोल्डनेस भी है। इस गुण से जुड़े लोगों में सामाजिक दबाव या तनाव का सामना करने की क्षमता अधिक हो सकती है।स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में मनोविज्ञान के पूर्व प्रोफेसर अल्बर्ट बांडुरा की थ्योरी के अनुसार, जब कोई व्यक्ति नए माहौल में खुद को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करता है, तो उसकी ‘सेल्फ-एफिकेसी’ बढ़ सकती है। इसका अर्थ है अपनी क्षमताओं पर विश्वास बढ़ना। इससे ‘लोग क्या सोचेंगे’ जैसी चिंता को कम करने में भी मदद मिल सकती है।

4. जिंदगी में अनुशासन को प्राथमिकता देना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बताया जाता है कि वे रोज करीब साढ़े 3 से 4 घंटे सोते हैं और सुबह 5 बजे उठते हैं। इसके बाद योग, प्राणायाम और ध्यान करते हैं। वे हर मौसम में ठंडे पानी से नहाने और शाकाहारी भोजन पसंद करने की बात भी करते रहे हैं।इस तरह निजी जीवन में भी उनका रूटीन नियमों और अनुशासन से जुड़ा हुआ बताया जाता है। सार्वजनिक जीवन में भी उनका काम करने का तरीका काफी हद तक इसी तरह का रहा है।
जून 2014 में प्रधानमंत्री बनने के कुछ ही समय बाद उन्होंने साउथ ब्लॉक का दौरा किया था। वहां उन्होंने दफ्तर में फैली अव्यवस्था का जिक्र किया। इसके बाद अधिकारियों ने उनके साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर सख्त रवैये को समझा।29 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री कार्यालय का दौरा किया था।शुरुआती बैठकों में मोदी ने अधिकारियों को संकेत दिया कि लंबे-चौड़े शब्दों और बेवजह लंबी चर्चाओं के बजाय सीधे काम की योजना पेश की जाए। वे अधिकारियों से तैयारी के साथ आने और अगली बैठक में काम की प्रगति बताने की अपेक्षा रखते थे।मंत्री सुबह 9 बजे तक कार्यालय पहुंच जाते थे और करीब साढ़े 9 बजे से बैठकें शुरू हो जाती थीं। जरूरी बैठकों में प्रधानमंत्री खुद मौजूद रहते थे और कई बार बैठकें शाम तक चलती थीं।
PM Modi Birthday: सेल्फ-डिसिप्लिन क्यों महत्वपूर्ण है?
सेल्फ-डिसिप्लिन का अर्थ अपनी आजादी खत्म करना नहीं, बल्कि अपनी आदतों, समय और काम करने के तरीके पर नियंत्रण रखना है। इससे व्यक्ति रोजाना अपने काम पर टिके रहने और अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ने में मदद पा सकता है।अनुशासन काम टालने की आदत यानी प्रोक्रास्टिनेशन को कम करने और उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद करता है।मनोविज्ञान में ‘मार्शमेलो एक्सपेरिमेंट’ और ‘डिलेड ग्रैटिफिकेशन’ जैसे विषयों के जरिए यह समझने की कोशिश की गई है कि जो व्यक्ति तत्काल मिलने वाली खुशी को टालकर भविष्य में मिलने वाले बड़े लाभ का इंतजार कर सकता है, उसमें लंबे समय के लक्ष्यों पर टिके रहने की क्षमता हो सकती है।न्यूरोसाइकोलॉजी में सेल्फ-डिसिप्लिन को मस्तिष्क के प्रीफ्रंटल कॉर्टेक्स से भी जोड़ा जाता है। यह हिस्सा तर्क, आवेगों पर नियंत्रण और योजना बनाने जैसी प्रक्रियाओं में भूमिका निभाता है।
5. सही व्यक्ति तक सही संदेश पहुंचाना
पहलगाम आतंकी हमले के 2 दिन बाद, 24 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के मधुबनी पहुंचे थे। उन्होंने करीब 27 मिनट तक हिंदी में भाषण दिया। इसके बाद अचानक उन्होंने अंग्रेजी में बोलना शुरू किया और करीब 82 सेकंड तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी।उन्होंने कहा था, “आज बिहार की धरती से मैं पूरी दुनिया से कहना चाहता हूं- भारत हर आतंकवादी और उसके मददगारों की पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें सजा देगा। हम उनका पीछा दुनिया के आखिरी छोर तक करेंगे।” हिंदी भाषी क्षेत्र बिहार से अंग्रेजी में दिए गए इस संदेश को दुनिया, खासकर पश्चिमी देशों तक भारत की कार्रवाई की बात पहुंचाने के प्रयास के तौर पर देखा गया।मधुबनी से अंग्रेजी में दिया गया यह संदेश भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई का संकेत देने के लिए इस्तेमाल किया गया।
PM Modi Birthday: असर्टिव कम्युनिकेशन क्या होता है?
भावनाओं में बहकर कही गई बात कई बार स्थिति को और तनावपूर्ण बना सकती है। ऐसे में असर्टिव कम्युनिकेशन का इस्तेमाल किया जाता है। इसका मतलब है अपनी बात को स्पष्ट और दृढ़ तरीके से रखना, लेकिन अनावश्यक टकराव से बचना।इस तरह की बातचीत में व्यक्ति अपनी बात को लक्षित समूह तक उसकी जरूरत और संदर्भ के अनुसार पहुंचाने की कोशिश करता है। साथ ही वह अपनी सीमाएं और अपना रुख भी स्पष्ट कर सकता है।मनोविज्ञान और संचार के संदर्भ में ‘डॉग व्हिसल रेटोरिक’ शब्द का इस्तेमाल ऐसे संदेशों के लिए किया जाता है, जिनका अर्थ या संकेत किसी खास समूह के लोग आसानी से समझ सकें। इस तरह संदेश एक खास दर्शक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है, जबकि दूसरे लोगों के लिए उसका अर्थ अलग या कम स्पष्ट रह सकता है।यही वजह है कि किसी नेता के व्यक्तित्व को समझते समय उसके फैसलों के साथ-साथ उसके संवाद करने, दबाव में प्रतिक्रिया देने, सामाजिक परिस्थितियों में व्यवहार करने और अपने रूटीन को लेकर बनाए गए नियमों को भी देखा जाता है।









