PM Modi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इस बात की जानकारी शुक्रवार को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। उन्होंने कहा कि दोनों देश न्यूजीलैंड-भारत फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के जरिए अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
गौरतलब है कि इसी साल भारत और न्यूजीलैंड ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की थी। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भारत आए थे, जहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी की थी।
पीएम लक्सन ने क्या कहा?
क्रिस्टोफर लक्सन ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह अपनी पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा करेंगे।उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और न्यूजीलैंड की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद अहम साझेदार है। उनके अनुसार, अप्रैल में घोषित न्यूजीलैंड-भारत फ्री ट्रेड एग्रीमेंट दोनों देशों के संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाएगा।
लक्सन ने कहा कि इस समझौते से न्यूजीलैंड में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, निर्यात बढ़ेगा और देश की आर्थिक विकास दर को मजबूती मिलेगी। साथ ही, 1.4 अरब लोगों वाले भारतीय बाजार में न्यूजीलैंड के सामान और सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी। इससे कीवी समुदायों की आय में वृद्धि होगी, नए रोजगार बनेंगे और लोगों की कमाई भी बढ़ेगी।

PM Modi Visit: व्यापार बढ़ने की उम्मीद
इससे पहले 6 मई को न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा था कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार आने वाले कुछ वर्षों में दोगुना हो सकता है। उन्होंने बताया था कि दोनों देश एक उच्च-गुणवत्ता वाले फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं।
उन्होंने ANI से बातचीत में कहा कि यह समझौता न्यूजीलैंड के ग्राहकों की उन जरूरतों को पूरा करेगा, जो अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद और सेवाएं चाहते हैं। भारतीय बाजार में ऐसी कई चीजें उपलब्ध हैं, जिनसे दोनों देशों को लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि न्यूजीलैंड सरकार अगले 15 वर्षों में भारत में 20 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक का निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अप्रैल में हुई थी FTA की घोषणा
इसी साल अप्रैल में भारत और न्यूजीलैंड ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की थी। इसे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में एक ऐतिहासिक कदम माना गया।इस व्यापक समझौते में बाजार तक बेहतर पहुंच, कृषि उत्पादकता, निवेश, प्रतिभाओं की आवाजाही (टैलेंट मोबिलिटी), खेल, पर्यटन और लोगों के बीच आपसी सहयोग जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।
इस FTA का उद्देश्य दोनों देशों के मैन्युफैक्चरर्स, किसानों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME), महिला उद्यमियों, छात्रों और कुशल पेशेवरों को नए अवसर और लाभ उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें…UPTET 2026: सघन जांच में अब तक 15 सॉल्वर पकड़े गए, फर्जी अभ्यर्थियों पर कड़ी कार्रवाई








