Prayagraj Murder: प्रयागराज में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हिस्ट्रीशीटर सक्षम पंडा (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शहर के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पहले सक्षम को फोन करके घर से करीब 100 मीटर दूर बुलाया। वहां काफी देर तक बातचीत हुई। इसके बाद सक्षम वापस अपने घर लौट आया और सीढ़ियों पर खड़ा था। तभी स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।
सीढ़ियों पर मारी पहली गोली
पुलिस के मुताबिक, स्कूटी के पीछे बैठे आरोपी ने तमंचा निकालकर सक्षम को गोली मार दी। गोली लगते ही वह जान बचाने के लिए गली की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। करीब 50 मीटर दूर जाकर आरोपियों ने उसे दूसरी गोली मारी। इसके बाद सक्षम जमीन पर गिर पड़ा और बदमाशों ने उस पर लगातार तीन और गोलियां चला दीं।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर पहुंचे। परिजनों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल हालत में सक्षम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज में कैद वारदात
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सक्षम अपने घर की सीढ़ियों पर खड़ा है। तभी पीछे से स्कूटी पर दो हमलावर आते हैं और उसके पास पहुंचते ही गोली चला देते हैं।
गोली लगने के बाद सक्षम पहले घर की तरफ भागता है, लेकिन फिर अचानक मुड़कर गली की ओर दौड़ पड़ता है। हमलावर भी उसके पीछे भागते हैं और कुछ दूरी पर फिर से गोली मार देते हैं। इसके बाद आरोपी लगातार फायरिंग करते नजर आते हैं।
वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि एक आरोपी पैदल भागता है, जबकि दूसरा स्कूटी लेकर निकल जाता है। बाद में स्कूटी सवार आरोपी वापस लौटता है और अपने साथी को बैठाकर फरार हो जाता है।

Prayagraj Murder: पूजा-पाठ का काम करता था
सक्षम पंडा मालवीय नगर का रहने वाला था और घाटों पर पूजा-पाठ कराने का काम करता था। उसकी मां ने बताया कि बुधवार रात बेटे ने परिवार के साथ खाना खाया था और फिर सोने चला गया। गुरुवार सुबह किसी का फोन आने के बाद वह घर से बाहर गया था। कुछ समय बाद परिवार को उसकी हत्या की खबर मिली।परिवार जब मौके पर पहुंचा तो सक्षम खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
गुमटी में आग लगाने का आरोप
पुलिस ने मामले में आरोपी भोले पंजाबी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बुधवार को सक्षम ने संगम क्षेत्र में उसकी पूजा-पाठ की गुमटी में आग लगा दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।आरोपी के अनुसार, उसने गुरुवार सुबह सक्षम को बातचीत के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान दोनों में कहासुनी हो गई और उसी दौरान उसने गोली चला दी।
तीन महीने पहले भी हमला
परिजनों का कहना है कि 12 मार्च को भी सक्षम पंडा पर फायरिंग हुई थी। उस हमले में सक्षम और उसका दोस्त रवि पंडा घायल हो गए थे। उस मामले में विमल पांडा और भोले पंजाबी समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने उस समय भोले पंजाबी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि विमल पांडा फरार चल रहा था। बाद में 12 अप्रैल को भोले पंजाबी जमानत पर जेल से बाहर आया था।
आग में जले बही-खाते
विमल पंडा के परिवार की एक महिला ने बताया कि 9 तारीख को सांवरे पंडा उर्फ गोपाल दत्त तिवारी, सक्षम पंडा और उनके साथियों ने घाट पर बनी उनकी गुमटी में आग लगा दी थी। आग में वहां रखा सामान पूरी तरह जल गया और तीर्थयात्रियों का रिकॉर्ड रखने वाले बही-खाते भी राख हो गए।
महिला ने बताया कि उस समय घाट पर कुछ यात्री मौजूद थे, जिसकी वजह से आग ज्यादा नहीं फैल सकी। घटना के बाद दारागंज थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गुमटी में लगी आग की तेज लपटें और जमीन पर पड़े जले हुए बही-खाते दिखाई दे रहे हैं।
महिलाओं ने लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद परिवार की एक महिला का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए प्रशासन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग कर रही है।
छह लोगों पर दर्ज हुआ केस
डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में भोले पंजाबी, विमल पंडा, शुभि और दो अन्य लोग शामिल हैं। भोले पंजाबी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, विमल पंडा पर कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं और वह अतरसुइया थाना का हिस्ट्रीशीटर है। वह हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहा था और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी था।वहीं, मृतक सक्षम पंडा पर भी आर्म्स एक्ट और हत्या समेत आठ मुकदमे दर्ज थे।
ये भी पढ़ें…अमेरिका अब युद्ध का बोझ नहीं उठा सकता? ट्रंप का सख्त रुख, पर्दे के पीछे ईरान से समझौते की तेज़ कोशिशें








