President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज बुधवार को हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरी। उड़ान से पहले उन्होंने बाकायदा फाइटर पायलट सूट पहना और वायुसेना अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति के साथ वायुसेना की स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह भी मौजूद रहीं। जिनकी तस्वीर अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
पाकिस्तान ने किया था झूठा दावा
President Droupadi Murmu: राफेल पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह कुछ महीने पहले तब सुर्खियों में आई थीं, जब पाकिस्तान की मीडिया ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान उन्हें पकड़ने का झूठा दावा किया था। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि शिवांगी सिंह युद्धबंदी हैं जिनका विमान मार गिराया गया। हालांकि, भारत सरकार की एजेंसी PIB (प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो) ने 10 मई को अपने फैक्ट चेक में पाकिस्तान के इन सभी दावों को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया दिया था।
राष्ट्रपति को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
President Droupadi Murmu: एयरफोर्स स्टेशन पर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उन्होंने जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। आपको बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले भी एक लड़ाकू विमान की उड़ान भर चुकी हैं। उन्होंने तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान भरी थी। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं। इससे पहले 2009 में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने पुणे के लोहेगांव एयरबेस से सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान भरी थी।

राष्ट्रपति की उड़ान का एक विशेष महत्व
President Droupadi Murmu: अंबाला से राष्ट्रपति की उड़ान का एक विशेष महत्व भी है। यह वही एयरबेस है जहां ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल विमानों की तैनाती की गई थी। यहां राफेल की 17 स्क्वाड्रन (गोल्डन एरो) तैनात है, जो इन विमानों के पहले बैच का संचालन करती है। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने राफेल विमानों की तकनीकी और रणनीतिक क्षमताओं की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि फ्रांस से खरीदे गए राफेल विमान सीधे अंबाला एयरबेस पर ही पहुंचे थे। इसी मौके पर राष्ट्रपति ने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े वायुसेना कर्मियों को सम्मानित भी किया। इस खास अवसर पर वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्य मंत्री अनिल विज सहित कई वरिष्ठ सैन्य और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े… UP News: कौन है योगी के तेज तर्रार IAS अजय द्विवेदी? जिन्हें बनाया गया आजम खान के ‘गढ़’ रामपुर का नया DM







