Rahul Gandhi: लोकसभा में नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सदन में प्रह्लाद जोशी पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद भारी हंगामा हुआ। स्पीकर ओम बिरला ने प्रियंका गांधी के बयान के एक हिस्से को रिकॉर्ड से हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन के बाहर प्रियंका गांधी के आरोपों को दोहराते हुए शिक्षा मंत्री पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि जब देश के युवा शिक्षा व्यवस्था को लेकर आंदोलन कर रहे थे, तब बीजेपी ने ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी, जिस पर बलात्कारियों का बचाव करने का आरोप है।
राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में कई वरिष्ठ नेता हैं और वह उनमें से किसी को भी शिक्षा मंत्री बना सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसे व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दी, जिस पर बलात्कारियों को बचाने वाला बयान देने का आरोप लगाया जा रहा है। राहुल ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाया जाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने प्रह्लाद जोशी को लेकर भी कड़ी टिप्पणी की और कहा कि बलात्कारियों के समर्थन में बोलने वाला व्यक्ति इससे ज्यादा घटिया नहीं हो सकता।
Rahul Gandhi: प्रियंका गांधी ने भी लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी के साथ मौजूद प्रियंका गांधी ने भी अपने भाई के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान लड़कियों और महिलाओं का अपमान हैं। इससे पहले लोकसभा में प्रियंका गांधी ने शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर विवादित बयान देने का आरोप लगाया था। उनके बयान के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
प्रह्लाद जोशी ने मांगा सबूत
प्रियंका गांधी के आरोपों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पलटवार करते हुए कहा कि जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें साबित किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिकायत भी की। इसके बाद स्पीकर ने प्रियंका गांधी के बयान के एक हिस्से को सदन की कार्यवाही से हटाने का निर्देश दिया।
Rahul Gandhi: रिजिजू बोले- यह चरित्र हनन का मामला
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी प्रह्लाद जोशी के समर्थन में उतर आए। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है और प्रियंका गांधी को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। रिजिजू ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री पर की गई टिप्पणी एक तरह से चरित्र हनन है और इसे रिकॉर्ड से हटाया जाना चाहिए। इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि वह अपने आरोपों के समर्थन में सबूत भी सबके सामने रखेंगी। इस मुद्दे को लेकर संसद के भीतर और बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव और बढ़ने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें…NEET पेपर लीक प्रदर्शन पर कंगना रनौत का हमला, PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उठाए सवाल








