Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » इलाहाबाद हाई कोर्ट से भानवी कुमारी को राहत, राजा भैया और साध्वी सिंह को नोटिस

इलाहाबाद हाई कोर्ट से भानवी कुमारी को राहत, राजा भैया और साध्वी सिंह को नोटिस

RAJA BHAIYA
RAJA BHAIYA

Raja bhaiya news: इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी साली साध्वी सिंह को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह द्वारा दायर याचिका पर जारी किया गया है। कोर्ट ने मानहानि के मामले में भानवी को बड़ी राहत देते हुए उनके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। यह मामला साध्वी सिंह द्वारा भानवी कुमारी के खिलाफ दायर मानहानि की शिकायत से जुड़ा है। हाई कोर्ट ने राजा भैया और साध्वी सिंह को दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद होगी।

भानवी की याचिका पर हाई कोर्ट का आदेश

जस्टिस सौरभ लावनिया की बेंच ने यह आदेश भानवी कुमारी सिंह द्वारा CrPC की धारा 482 के तहत दाखिल याचिका पर पारित किया। इस याचिका में उन्होंने लखनऊ की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) अदालत में उनके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को चुनौती दी थी। यह पूरा मामला 4 सितंबर 2023 को हजरतगंज थाने में दर्ज कराई गई FIR से जुड़ा है, जिसे साध्वी सिंह ने दर्ज कराया था। FIR में भानवी पर मानहानि का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामले में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसके बाद CJM कोर्ट ने भानवी को समन जारी किया था।

Raja bhaiya news: कोर्ट में भानवी के वकील की दलील

भानवी के वकील ने कोर्ट को बताया कि जिस अपराध का आरोप लगाया गया है, उसकी प्रकृति ऐसी है जिसमें सीधे मजिस्ट्रेट के सामने शिकायत दर्ज की जानी चाहिए थी। FIR दर्ज कर पुलिस जांच कराना कानून के खिलाफ है। वकील ने यह भी दलील दी कि याचिकाकर्ता और शिकायतकर्ता आपस में सगी बहनें हैं, ऐसे में आपराधिक मुकदमे की जगह कानूनी और वैकल्पिक समाधान पर विचार होना चाहिए।

Raja bhaiya news: दो बहनों के विवाद में कोर्ट ने दिखाई नरमी

याचिका के अनुसार, राजा भैया ने 14 नवंबर 2022 को भानवी कुमारी सिंह के खिलाफ विवाह विच्छेद (तलाक) की याचिका दायर की थी। इसके जवाब में भानवी ने अदालत में अपनी प्रतिक्रिया दाखिल की थी। साध्वी सिंह का आरोप है कि उसी जवाब में दिए गए कुछ बयानों से उनकी मानहानि हुई, जिसके आधार पर FIR दर्ज कराई गई। कोर्ट को यह भी बताया गया कि भानवी ने साध्वी सिंह के खिलाफ एक अलग दीवानी मुकदमा भी दायर किया है। यह मामला कैंटोनमेंट इलाके में स्थित ‘रामायण’ नाम की संपत्ति से जुड़ा है, जिसमें भानवी ने स्थायी निषेधाज्ञा की मांग की है।

अगली सुनवाई तक आपराधिक कार्यवाही पर रोक

Raja bhaiya news: हाई कोर्ट ने यह माना कि मामला दो बहनों के बीच पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, जिसे मध्यस्थता के जरिए भी सुलझाया जा सकता है। इसी आधार पर अदालत ने कहा कि इस केस पर गहराई से विचार करने की जरूरत है। फिलहाल कोर्ट ने भानवी कुमारी सिंह के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।

 

यह भी पढ़ें: मलयालम अभिनेता अखिल विश्वनाथ का 30 साल की उम्र में निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर