Home » राजस्थान » जयपुर में 16 साल की छात्रा वंशिका की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जयपुर में 16 साल की छात्रा वंशिका की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Rajashthan news: राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा वंशिका की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली वंशिका शुक्रवार शाम करीब 7 बजे अपनी मां की दुकान से साइकिल चलाने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। शनिवार सुबह एक अपार्टमेंट के पोर्च में उसका शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद परिजन आरयूएचएस अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

परिजनों ने युवक पर लगाया गंभीर आरोप

मृतका की मां संतोष गर्ग ने आरोप लगाया है कि वंशिका की इंस्टाग्राम पर एक युवक से बातचीत होती थी, जिसकी जानकारी उन्हें कुछ दिन पहले मिली थी। उन्होंने बेटी को उससे बात करने से मना किया था और युवक से भी बात की थी। मां का दावा है कि युवक ने खुद को काफी प्रभावशाली बताते हुए उन्हें धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया था। परिजनों का आरोप है कि उसी युवक ने वंशिका का अपहरण कर उसकी हत्या की है। परिवार का कहना है कि आरोपी युवक बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा का दोहिता है, हालांकि इस मामले में अभी तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Rajashthan news: CCTV में कैद हुई आखिरी गतिविधियां

पुलिस जांच में सामने आया है कि वंशिका शुक्रवार शाम 7:20 बजे अपार्टमेंट के गेट नंबर-2 से अंदर जाती हुई सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दी थी। इसके बाद वह ए-ब्लॉक की लिफ्ट से 13वीं मंजिल तक पहुंची। जांच के दौरान 13वीं मंजिल से उसका चश्मा और चप्पल बरामद किए गए हैं। हालांकि उस मंजिल पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, इसलिए वहां क्या हुआ, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। शनिवार सुबह करीब 6 बजे बी-ब्लॉक के पोर्च में उसका शव पड़ा मिला, जिसके बाद गार्ड ने पुलिस को सूचना दी।

Rajashthan news: पुलिस जांच पर उठे सवाल

वंशिका के पिता सुभाष गर्ग ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस को सुबह ही शव मिलने की जानकारी थी, लेकिन परिवार को समय पर इसकी सूचना नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद जानकारी जुटाने के बाद बेटी की मौत का पता चला। परिवार का कहना है कि मामले की जांच में लापरवाही बरती जा रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होनी चाहिए।

आत्महत्या या हत्या? जांच जारी

Rajashthan news: वहीं पुलिस का कहना है कि पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसे अब मुकदमे में बदल दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक सिंघल के मुताबिक, परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों और उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या का, लेकिन वंशिका की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं जिनके जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने सकेंगे।

 

 

 

ये भी पढ़ें: Khan Sir की कोचिंग पर फायर विभाग की नजर, जांच में मिलीं कई बड़ी खामियां