Rajasthan News: राजस्थान के ब्यावर शहर में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां होटल के बाहर चारपाई पर सो रहे तीन युवकों पर 10 से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने युवकों को बेरहमी से लाठियों से पीटा और उनके पास से 50 हजार रुपये नकद व सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
शिकायत पर मामला दर्ज
घटना साकेतनगर थाना क्षेत्र में ब्यावर-पाली हाईवे स्थित खेजडला चौराहा के पास 14 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। हालांकि, इसका CCTV फुटेज अब सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मुंह बांधकर आए हमलावर अचानक चारपाई पर सो रहे युवकों पर टूट पड़ते हैं और ताबड़तोड़ लाठियों से हमला शुरू कर देते हैं।
पुलिस के मुताबिक, केसरपुरा निवासी लीला देवी (40) की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सुरेंद्र काठात (22) 14 अप्रैल की रात ब्यावर से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में वह खेजडला चौराहा के पास एक होटल पर रुक गया, जहां वह दो अन्य युवकों के साथ चारपाई पर लेट गया। तभी अचानक जैतपुरा निवासी सुनील, नरेंद्र और केसरपुरा निवासी संजय अपने 10 अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और हमला कर दिया।

Rajasthan News: आरोपी मौके से फरार
हमले के दौरान बदमाशों ने सुरेंद्र की जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए और गले से सोने की चेन छीन ली। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। CCTV वीडियो में यह भी दिख रहा है कि हमले के दौरान युवक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते हैं, लेकिन हमलावर लगातार उन पर लाठियां बरसाते रहते हैं। एक युवक के गिरने के बाद भी बदमाश उसे लातों से पीटते नजर आते हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सुरेंद्र काठात को तुरंत ब्यावर के अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सुनील, नरेंद्र और संजय समेत 10 से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साकेतनगर थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
ये भी पढ़े… रोजगार नहीं, अब खुद का कारोबार… योगी सरकार के स्वरोजगार मॉडल से बदल रही यूपी की तस्वीर








