Home » राष्ट्रीय » जैसलमेर में हथियारबंद चोर गैंग का आतंक, सोलर संयंत्रों में 100 से ज्यादा चोरियां

जैसलमेर में हथियारबंद चोर गैंग का आतंक, सोलर संयंत्रों में 100 से ज्यादा चोरियां

Rajasthan News
Rajasthan News

Rajasthan News: जैसलमेर जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र और आसपास के गांवों में हथियारबंद चोर गैंग के आतंक से दहशत का माहौल है। सोलर और विंड पावर संयंत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और सुरक्षाकर्मियों में गहरी चिंता बढ़ गई है। पिछले एक वर्ष में 100 से अधिक चोरियों की बात सामने आई है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

ग्रामीणों का आरोप: हथियारों से डराते हैं चोर

ग्रामीणों का कहना है कि चोर रात के समय बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों में आते हैं और हथियारों के बल पर सुरक्षा गार्डों को धमकाते हैं। वे महंगे केबल, पैनल और अन्य उपकरण चुरा ले जाते हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है, जिससे सुरक्षाकर्मी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Rajasthan News: एसपी कार्यालय पहुंचे सैकड़ों लोग

भोपा, डांगरी, लखासर, लाला, कराड़ा समेत कई गांवों के ग्रामीण और गार्ड शनिवार को एसपी अभिषेक शिवहरे के कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दो कथित सरगनाओं के नाम लेते हुए कार्रवाई की मांग की गई। ग्रामीणों ने दावा किया कि गैंग के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर हथियारों के साथ कई वीडियो मौजूद हैं।

कार्रवाई का आश्वासन

ग्रामीणों ने स्पेशल जांच टीम गठन, हथियारों की बरामदगी, संदिग्ध वाहनों की जब्ती और संयंत्रों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। एसपी ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।