Rajgarh Bus Accident: राजगढ़ जिले के ब्यावरा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल बायपास ब्रिज पर करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई। ब्रिज पर कर्व होने के कारण बस दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के समय बस की ऊपर वाली स्लीपर सीटों पर कई यात्री बैठे थे। टक्कर के बाद बस की खिड़कियां टूट गईं और कुछ यात्री ब्रिज से नीचे जा गिरे। वहीं, कुछ लोग ब्रिज पर ही गिर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।बस कानपुर से इंदौर जा रही थी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में बस का ड्राइवर और बेंगलुरु में तैनात एक साइबर इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।
Rajgarh Bus Accident: 11 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर
हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 4 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद सड़क पर शव पड़े दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। उनकी सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया।

आरोपी को पकड़ने इंदौर आ रही थी साइबर टीम
इस हादसे में बेंगलुरु में तैनात साइबर इंस्पेक्टर रवि केबी, पिता बसप्पा की भी मौत हो गई। वह अपनी टीम के साथ एक आरोपी को पकड़ने के लिए इंदौर आ रहे थे।उनकी टीम में शामिल विश्वनाथ, पिता मोहन और रमेश, पिता पंडप्पा भी हादसे में घायल हुए हैं।राजगढ़ के एसपी अमित तोलानी ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार यानी ओवरस्पीड सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि जिस ब्रिज पर दुर्घटना हुई, वहां कर्व है और इसी वजह से भी हादसे की आशंका बनी रहती है। मामले की जांच जारी है।एसपी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भोपाल रेफर किया जा चुका है। वहीं, पुलिस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान की प्रक्रिया भी कर रही है।
राज्यमंत्री और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार और एसपी अमित तोलानी ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचे। दोनों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली।अधिकारियों ने डॉक्टरों से भी घायलों को दिए जा रहे इलाज और उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली।
Rajgarh Bus Accident: ब्रिज के कर्व पर संकेतक लगाने की बात
राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि ब्रिज पर मौजूद कर्व को देखते हुए वहां संकेतक और ब्रेकर लगाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही कहा कि घायलों को बेहतर और उचित इलाज मिले, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
ये भी पढ़ें…भाइयों से पहले महाकाल की कलाई पर बंधी राखी, 2 फीट के रक्षासूत्र में छिपी है उज्जैन की अनोखी परंपरा








