Rajnath Singh: उत्तर प्रदेश के आगरा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने देश की सुरक्षा, आतंकवाद और पाकिस्तान की गतिविधियों पर भी खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने को तैयार है।
महाराणा प्रताप को बताया स्वाभिमान का प्रतीक
राजनाथ सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक शासक नहीं, बल्कि भारत की उस विचारधारा के प्रतीक थे जो किसी भी परिस्थिति में आत्मसम्मान और मूल्यों से समझौता नहीं करती। उन्होंने कहा कि अकबर के साथ समझौता कर महाराणा प्रताप आरामदायक जीवन जी सकते थे, लेकिन उन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताया, लेकिन कभी भी अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटे। रक्षा मंत्री ने कहा कि आज भी महाराणा प्रताप देशवासियों के दिलों में जीवित हैं और उनकी वीरगाथाएं नई पीढ़ी को प्रेरित करती हैं।
Rajnath Singh: भारत की बढ़ी वैश्विक प्रतिष्ठा
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पहले वैश्विक मंचों पर भारत की बातों को उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन अब भारत की आवाज को पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है। उन्होंने इसे देश की बढ़ती ताकत और प्रभाव का प्रमाण बताया।
आतंकवाद और पाकिस्तान पर सख्त संदेश
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में आतंकवादी घटनाओं के खिलाफ अब सख्त नीति अपनाई गई है और सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की खुली छूट दी गई है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई पूरी दुनिया ने देखी है। रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वह अपनी नापाक गतिविधियों से बाज नहीं आता तो भारत और कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि सिंधु जल समझौते को निरस्त करने के बाद पानी रोका गया है और आवश्यकता पड़ने पर पाकिस्तान को दाना-पानी के लिए भी मोहताज किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें…ईरान होर्मुज खोलेगा, अमेरिका ईरानी तेल से पाबंदी हटाएगा








