Home » उत्तर प्रदेश » योगी सरकार का बड़ा फैसला, रक्षाबंधन पर 3 दिन ‘मुफ्त’ बस में सफर करेंगी महिलाएं

योगी सरकार का बड़ा फैसला, रक्षाबंधन पर 3 दिन ‘मुफ्त’ बस में सफर करेंगी महिलाएं

Rakshabandhan Bus Free: UP: रक्षाबंधन पर बहनों के लिए बस फ्री

Rakshabandhan Bus Free: उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के मौके पर योगी सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की निःशुल्क बस यात्रा की अवधि बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अब प्रदेश की माताएं, बहनें और बेटियां 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। खास बात यह है कि महिला यात्री के साथ एक सहयोगी को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से उनके घर तक पहुंचाना है।

27 अगस्त से 29 अगस्त तक फ्री बस यात्रा

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के साथ नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने परिवहन, पुलिस, यातायात और स्थानीय प्रशासन को आपसी समन्वय से व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए हैं। बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है।

Rakshabandhan Bus Free: किराया, ओवरलोडिंग और सुरक्षा पर सख्ती

योगी सरकार ने निजी बसों, टैक्सी और ऑटो चालकों के सत्यापन के निर्देश भी दिए हैं। निर्धारित किराए से अधिक वसूली और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई होगी। रक्षाबंधन के दौरान संचालित टैक्सी और ई-रिक्शा के चालकों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा शहरों, एक्सप्रेसवे, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी।

बस अड्डों पर CCTV, पेयजल और फर्स्ट एड की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बस स्टेशनों पर सीसीटीवी, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को बस अड्डों पर फर्स्ट एड की अलग व्यवस्था करने को कहा गया है। सड़क सुरक्षा को लेकर बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नशे में ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग और मालवाहक वाहनों में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान परिवहन व्यवस्था सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रहनी चाहिए, ताकि बहनें बिना किसी परेशानी के अपने परिवार तक पहुंच सकें।