Breaking News
Home » राजस्थान » जोधपुर में CJP कार्यक्रम में हंगामा, कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप, ABVP-भाजयुमो के 10-11 लोग हिरासत में

जोधपुर में CJP कार्यक्रम में हंगामा, कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप, ABVP-भाजयुमो के 10-11 लोग हिरासत में

CJP Jodhpur: जोधपुर में CJP कार्यक्रम में हंगामा, हुई मारपीट
jodhpur- Photo Source: Patrika

CJP Jodhpur: राजस्थान के जोधपुर में रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शिक्षा बचाओ, देश बचाओ संवाद कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। गांधी शांति प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ABVP और भाजयुमो से जुड़े कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद नारेबाजी और विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि कुछ लोग परिसर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसी दौरान CJP के एक कार्यकर्ता के साथ थप्पड़ मारने और कपड़े फाड़ने की घटना भी सामने आई है। पुलिस ने मौके से करीब 10-11 लोगों को हिरासत में लिया है।

दीवार फांदकर परिसर में घुसने का आरोप

रेजिडेंसी रोड स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान में CJP का शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद कार्यक्रम चल रहा था। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका कार्यक्रम में शिक्षा से जुड़े विषयों पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान ABVP और भाजयुमो से जुड़े कुछ कार्यकर्ता परिसर में पहुंच गए। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारी दीवार फांदकर परिसर के अंदर दाखिल हुए और नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़े। इससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

CJP Jodhpur: CJP कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप

नारेबाजी को रोकने के दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाया। इसी दौरान CJP कार्यकर्ताओं और विरोध करने पहुंचे लोगों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, इसी दौरान एक CJP कार्यकर्ता को थप्पड़ मारे गए और उसके कपड़े फाड़े गए। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मारपीट की औपचारिक शिकायत या सूचना मिलने के बाद ही इस संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CJP Jodhpur: jodhpur- Photo Source: Patrika

ABVP-भाजयुमो के 10-11 लोग हिरासत में

पुलिस ने मामले में ABVP के जोधपुर विभाग संयोजक ललित दाधीच और भाजयुमो के प्रदेश प्रवक्ता राजवीर सिंह बांता सहित करीब 10-11 लोगों को हिरासत में लिया है। जोधपुर डीसीपी ईस्ट मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि कुछ लोग गांधी शांति प्रतिष्ठान की चारदीवारी कूदकर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, जिसके चलते उन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति को नियंत्रित किया गया है।

CJP Jodhpur: जयपुर के बाद जोधपुर में भी विवाद

जोधपुर की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब राजस्थान में छात्र राजनीति और छात्र संघ चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हैं। CJP की ओर से शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इससे पहले शास्त्री सर्किल गार्डन में होने वाले CJP के छात्र संवाद कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिलने की बात भी सामने आई थी। दो दिन पहले जयपुर में भी CJP कार्यकर्ताओं से जुड़े विवाद की घटना सामने आई थी। अब जोधपुर में हुए हंगामे के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। मारपीट की शिकायत मिलने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।