Ram mandir: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक सोमवार को शुरू हो गई। बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, स्वामी गोविंद गिरी महाराज, स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ और कृष्णमोहन समेत कई ट्रस्टी मौजूद हैं। हालांकि, ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय इस बैठक में शामिल नहीं हुए।
चंपत राय और अनिल मिश्रा को हटाने पर फैसला संभव
सूत्रों के अनुसार, बैठक में चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा को उनके पदों से हटाने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। बताया जा रहा है कि अधिकांश ट्रस्टी इस फैसले के पक्ष में हैं। इससे पहले 6 जून को राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ा कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद दोनों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।
Ram mandir: CEO की नियुक्ति पर भी होगी चर्चा
बैठक में मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नए CEO की नियुक्ति पर भी फैसला लिया जा सकता है। साथ ही ट्रस्ट इस पूरे घटनाक्रम पर खेद भी जता सकता है। यह बैठक राम मंदिर परिसर स्थित गेस्ट हाउस में हो रही है। पहले इसे मणिराम दास छावनी में आयोजित किया जाना था।
Ram mandir: महासचिव पद के लिए तीन नाम चर्चा में
Ram mandir: ट्रस्ट के नए महासचिव के लिए तीन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। इनमें विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री बजरंग बागड़, बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया और सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी कृष्णमोहन शामिल हैं। बजरंग बागड़ पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और पहले नालको के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वहीं नीरज दौनेरिया लंबे समय से राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं। कृष्णमोहन पूर्वी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संघ संचालक भी रह चुके हैं। अब सभी की नजर ट्रस्ट की बैठक से निकलने वाले आधिकारिक फैसलों पर टिकी है, क्योंकि इन्हीं के आधार पर राम मंदिर ट्रस्ट की नई कार्यप्रणाली और नेतृत्व की दिशा तय होगी।
यह भी पढ़ें: साकार हो रहा ‘सहकार से समृद्धि’ का संकल्प, सीएम धामी बोले-पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह की दूरदर्शी सोच का नतीजा








