Home » Breaking News » राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, ट्रस्ट को नोटिस जारी; SIT से मांगी रिपोर्ट

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, ट्रस्ट को नोटिस जारी; SIT से मांगी रिपोर्ट

RAM MANDIR  NEWS: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सोमवार को सुनवाई के दौरान सर्वोच्च अदालत ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से मामले की स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।

एसआईटी की प्रगति रिपोर्ट मांगी

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी अगली सुनवाई से पहले जांच की प्रगति रिपोर्ट अदालत में पेश करे। साथ ही एसआईटी के गठन और अब तक की कार्रवाई का पूरा ब्यौरा भी देने को कहा गया है।

RAM MANDIR  NEWS: सरकार ने एसआईटी गठन की दी जानकारी

सुनवाई के दौरान एक अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि मामले की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही एसआईटी का गठन कर चुकी है। इस पर पीठ ने विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले को अगले सोमवार तक के लिए सूचीबद्ध कर दिया।

सॉलिसिटर जनरल ने दिया सहयोग का भरोसा

सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि वह उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश हो रहे हैं और केंद्र सरकार भी जांच में अदालत को हर संभव सहयोग देगी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फिलहाल केवल राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया गया है। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को इस चरण में अलग से नोटिस जारी नहीं किया गया।

अगले सोमवार होगी सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट अब मामले की अगली सुनवाई अगले सोमवार करेगा। तब तक एसआईटी को जांच की प्रगति रिपोर्ट दाखिल करनी होगी, जिसके आधार पर अदालत आगे की कार्यवाही पर निर्णय लेगी।

ये भी पढ़े… राम मंदिर में अब होगा कॉर्पोरेट स्टाइल मैनेजमेंट, CEO के हाथ में होगी जिम्मेदारी, जानिए क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?