Home » उत्तर प्रदेश » Yogi Adityanath: सीएम योगी का बड़ा एक्शन सड़क खोदकर छोड़ने वाले ठेकेदारों पर होगी FIR, बिजली चोर और लापरवाह अफसर भी रडार पर

Yogi Adityanath: सीएम योगी का बड़ा एक्शन सड़क खोदकर छोड़ने वाले ठेकेदारों पर होगी FIR, बिजली चोर और लापरवाह अफसर भी रडार पर

Yogi Adityanath: सीएम योगी का बड़ा एक्शन सड़क खोदकर छोड़ने वाले ठेकेदारों पर होगी FIR, बिजली चोर और लापरवाह अफसर भी रडार पर

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद दौरे के दौरान विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया और कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।

सड़क खोदकर छोड़ने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई

बैठक में जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने उन ठेकेदारों पर नाराजगी जताई जो पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदने के बाद उनकी मरम्मत नहीं करते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी ठेकेदारों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही, सड़कों की मरम्मत तय समय में पूरी कराई जाए ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हर घर तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की पहुंच बढ़ाने के लिए ‘पीएनजी चौपाल’ आयोजित की जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

Yogi Adityanath: छुट्टा पशुओं पर सख्ती, गोआश्रय स्थलों की होगी निगरानी

गोवंश संरक्षण को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर छुट्टा पशु दिखाई नहीं देने चाहिए। सभी गोआश्रय स्थलों में चारा, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा बीमार और घायल पशुओं के उपचार के लिए मोबाइल वेटरनरी यूनिट्स को पूरी सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी पशु के इलाज में लापरवाही न हो।

Yogi Adityanath: बिजली चोरी रोकने के लिए चलेगा विशेष अभियान

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरों में लगाए जाने वाले सोलर पैनलों की गुणवत्ता सर्वोत्तम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटिया सामग्री का उपयोग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य लोगों के बिजली बिल में राहत देना है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।बैठक में बिजली चोरी पर भी मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में बिजली चोरी की शिकायतें अधिक हैं, वहां विशेष छापेमारी कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इस अभियान के दौरान ईमानदारी से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। कार्रवाई केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ही की जाए।समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि विकास परियोजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दोहराया कि जनता से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों, ठेकेदारों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार की गुंजाइश न रहे।

ये भी पढ़े…..एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान, यास्तिका भाटिया बाहर, हरमनप्रीत कौर के हाथों में कमान