Ratlam Crime: मध्य प्रदेश के रतलाम में रविवार को एक मोबाइल कारोबारी ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी। महिला की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी पति को पत्नी के सीने पर बैठकर चाकू से हमला करते देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
Ratlam Crime: घर में मौजूद थे दोनों मासूम बच्चे-
घटना सुनारों की बावड़ी इलाके की है। मृतका की पहचान 33 वर्षीय रुकैया के रूप में हुई है। वारदात के समय घर में दंपती की 7 वर्षीय बेटी और 2 वर्षीय बेटा भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि महिला ने बचने के लिए शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी घर पहुंचे।
Ratlam Crime: पड़ोसियों ने देखा खून से लथपथ महिला-
स्थानीय लोगों के अनुसार, घर के अंदर पहुंचने पर उन्होंने आरोपी असगर अली को पत्नी के सीने पर बैठकर उसके गले पर चाकू से वार करते देखा। महिला गंभीर रूप से घायल थी और उसके गले से लगातार खून बह रहा था। आरोपी के आक्रामक रवैये के कारण पड़ोसी बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शव के पास ही मिला आरोपी-
माणक चौक थाना पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर आरोपी शव के पास ही मौजूद था। पुलिस ने उसे वहीं से हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
हत्या की वजह की जांच जारी-
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है। वहीं, घटना के समय आरोपी के पिता नीचे स्थित अपनी हार्डवेयर की दुकान पर मौजूद थे। पड़ोसियों के अनुसार, दंपती की बेटी ने नीचे जाकर अपने दादा को घटना की जानकारी दी।
यह भी पढ़े- संसद प्रदर्शन पर टीकमगढ़ में संत समाज का विरोध, पप्पू यादव की सदस्यता खत्म करने की मांग








