Re NEET UG Result 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) री-नीट यूजी 2026 का रिजल्ट 20 जुलाई तक जारी कर सकती है। परिणाम घोषित होने के साथ ही देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस (MBBS) और बीडीएस (BDS) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया तेज गति से पूरी की जा रही है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत समय पर हो सके।
पेपर लीक के आरोपों के बाद दोबारा हुई थी परीक्षा
नीट यूजी 2026 की मूल परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद एनटीए ने 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की। सामान्यतः परीक्षा के 45 दिन बाद परिणाम जारी किए जाते हैं, लेकिन इस बार मूल्यांकन तेजी से होने के कारण 30 दिनों के भीतर ही रिजल्ट जारी करने की तैयारी की गई है।
Re NEET UG Result 2026: रिजल्ट के बाद शुरू होगी काउंसलिंग प्रक्रिया
री-नीट का परिणाम जारी होने के बाद मेडिकल सीटों पर दाखिले के लिए काउंसलिंग शुरू होगी। ऑल इंडिया कोटा (AIQ) की 15 प्रतिशत सीटों, एम्स, जिपमेर, डीम्ड यूनिवर्सिटी और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) काउंसलिंग आयोजित करेगी। वहीं राज्यों के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों की 85 प्रतिशत स्टेट कोटा सीटों के लिए संबंधित राज्य अपनी अलग काउंसलिंग प्रक्रिया संचालित करेंगे।
Re NEET UG Result 2026: काउंसलिंग में पूरी करनी होगी यह प्रक्रिया
एमसीसी की ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत सबसे पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा और निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद कॉलेज और कोर्स की पसंद दर्ज कर चॉइस फिलिंग एवं लॉकिंग करनी होगी। मेरिट के आधार पर सीट आवंटित होने के बाद उम्मीदवारों को संबंधित मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।
छात्र पहले से तैयार रखें जरूरी दस्तावेज
विशेषज्ञों का कहना है कि रिजल्ट जारी होने के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि सीट आवंटन के बाद रिपोर्टिंग और दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यह भी पढे़ : इंडोनेशिया दौरे का भव्य समापन, 5 फाइटर जेट्स ने किया पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट








