Russia/ukraine: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। रूस ने शनिवार रात यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों पर बड़े पैमाने पर हमला किया। इस दौरान रूस ने अपनी बेहद घातक हाइपरसोनिक ‘ओरेश्निक’ बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया, जो परमाणु वॉरहेड ले जाने में भी सक्षम मानी जाती है। यूक्रेन के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy ने खुद इस हमले की पुष्टि की है।
कीव समेत कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन अटैक
यूक्रेन के मुताबिक रूस ने रातभर मिसाइल और ड्रोन से लगातार हमले किए। राजधानी कीव में कई जगह धमाकों की आवाजें सुनी गईं। सरकारी दफ्तरों, रिहायशी इमारतों और स्कूलों के आसपास बने भवनों को नुकसान पहुंचा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हमले में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। हमले के बाद कई इलाकों में आग लग गई और पूरे शहर में धुएं का गुबार दिखाई दिया।
Russia/ukraine: तीसरी बार इस्तेमाल हुई ‘ओरेश्निक’ मिसाइल
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर बताया कि रूस ने कीव क्षेत्र के बिला त्सेरक्वा शहर को निशाना बनाते हुए ओरेश्निक हाइपरसोनिक मिसाइल दागी। यह मिसाइल परमाणु और पारंपरिक दोनों तरह के हथियार ले जाने में सक्षम है। यूक्रेन का दावा है कि युद्ध के दौरान रूस तीसरी बार इस मिसाइल का इस्तेमाल कर चुका है। रूस इससे पहले नवंबर 2024 में निप्रो और जनवरी 2025 में लवीव क्षेत्र में भी इस मिसाइल का इस्तेमाल कर चुका है। इसकी रफ्तार और मारक क्षमता इसे बेहद खतरनाक बनाती है।
Russia/ukraine: नौ जिलों में भारी नुकसान
कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि राजधानी के कम से कम नौ जिलों में घरों और दूसरी इमारतों को नुकसान पहुंचा है। वहीं कीव के मेयर Vitali Klitschko ने कहा कि शेवचेंको जिले में एक स्कूल की इमारत भी हमले की चपेट में आई, जहां लोग शरण लिए हुए थे। स्थानीय प्रशासन के अनुसार सुपरमार्केट, गोदाम और कई रिहायशी इलाकों में भी तबाही देखने को मिली है। बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
यूक्रेन ने पहले ही जताई थी आशंका
Russia/ukraine: हमले से पहले ही राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया था कि अमेरिका और पश्चिमी देशों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर रूस ओरेश्निक मिसाइल इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहा है। यूक्रेन की वायुसेना ने भी पहले अलर्ट जारी किया था। हालांकि रातभर चले हमलों में किस जगह इस मिसाइल का इस्तेमाल हुआ, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: मां के प्रेमी की हत्या कर जंगल में दफनाया शव, एक महीने बाद चतरा पुलिस ने किया खुलासा








