Home » News » Salman Khan: सलमान खान बोले- शिक्षा के मुद्दे को राजनीतिक रंग न दें, छात्रों के आंदोलन पर हिंसा बेहद दुखद

Salman Khan: सलमान खान बोले- शिक्षा के मुद्दे को राजनीतिक रंग न दें, छात्रों के आंदोलन पर हिंसा बेहद दुखद

Salman Khan: देशभर में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर उन्होंने गहरा दुख जताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन का हिंसक रूप लेना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सलमान ने साफ शब्दों में कहा कि यह सिर्फ छात्रों और शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा है, इसे किसी भी तरह का राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्कूल के दिनों की एक तस्वीर साझा करते हुए सलमान खान ने छात्रों के संघर्ष और उनके जज्बे को सलाम किया। उन्होंने आंदोलन में घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

पेपर लीक को बताया देश के भविष्य से जुड़ा गंभीर संकट

सलमान खान ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती छात्रों के सपनों पर सीधा हमला हैं। उन्होंने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं और इस लड़ाई में उनके माता-पिता भी उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।उन्होंने छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यही युवा पीढ़ी आने वाले समय में एक शिक्षित, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेगी।

Salman Khan: आंदोलन सही दिशा में था, इसे राजनीति से दूर रखें

सलमान खान ने अपने संदेश में कहा कि छात्रों का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सही दिशा में था। उन्होंने छात्रों के साहस, धैर्य और शिक्षा के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताया। साथ ही उन्होंने अपील की कि इस आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि इस संघर्ष का पूरा श्रेय उन छात्रों को मिलना चाहिए जिन्होंने अपने भविष्य और देश की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवाज उठाई है। सलमान ने विश्वास जताया कि सरकार भी छात्रों की भावनाओं को समझेगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी।

Salman Khan: भारत बने दुनिया का एजुकेशन हब

अपनी भावुक पोस्ट के अंत में सलमान खान ने देश के लिए एक बड़ी इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि उनकी ख्वाहिश है कि शिक्षा ही देश का अगला ट्रेंड और सबसे बड़ा फैशन बने। हर साल पढ़ाई को लेकर युवाओं का उत्साह बढ़े और ऐसा माहौल तैयार हो कि दुनिया भर के छात्र शिक्षा हासिल करने के लिए भारत का रुख करें। उनका मानना है कि भारत को वैश्विक शिक्षा केंद्र बनाने की दिशा में काम होना चाहिए।सलमान खान की यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। कई लोगों ने उनके बयान का समर्थन किया, वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट ने भी इस पोस्ट को री-शेयर किया। सलमान के बयान के बाद शिक्षा, छात्र आंदोलन और पेपर लीक का मुद्दा एक बार फिर राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में आ गया है।

ये भी पढ़े……..दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद होने पर सुप्रीम कोर्ट नाराज,CJI सूर्यकांत बोले- दोपहर तक समाधान नहीं तो कोर्ट करेगी कार्रवाई