Sehore News: सीहोर जिले में रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को किसानों और कांग्रेस नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। इछावर में आयोजित जनकल्याण शिविर में शामिल होने जा रहे शिवराज सिंह चौहान का काफिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोक लिया और किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले 15 दिनों से किसान खाद और अन्य कृषि कार्यों के लिए परेशान हैं। डिजिटल पोर्टल का सर्वर लगातार प्रभावित रहने से किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। इस पर शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान के लिए जल्द सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
“मैं जनता का प्रतिनिधि हूं, सबका प्रतिनिधि हूं” : शिवराज
काफिला रोकने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भले ही वे विपक्षी दल से हैं, लेकिन शिवराज उनके भी प्रतिनिधि हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि वे जनता के प्रतिनिधि हैं और सभी वर्गों के प्रतिनिधि हैं।
Sehore News: अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
जनकल्याण शिविर को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कुछ अधिकारी जनता के काम रोकने में ही रुचि लेते हैं। उन्होंने अधिकारियों को सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए चेतावनी दी कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से बाहर करने की शिकायतें मिल रही हैं, जिसे अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Sehore News: नीमच में बीजेपी विधायक सकलेचा का घेराव
वहीं, नीमच जिले के बांगरेड गांव में जावद विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन भाषण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने कहा कि अस्पताल तो बन रहा है, लेकिन मरीज वहां तक पहुंचेंगे कैसे, जब गांव की सड़कें अब भी कच्ची और बदहाल हैं। जवाब से असंतुष्ट ग्रामीणों ने ‘विधायक वापस जाओ’ के नारे लगाए और कार्यक्रम स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई।
सड़क निर्माण प्रक्रिया जारी : सकलेचा
विरोध के बीच विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं और मंजूरियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य की प्रक्रिया जारी है।
जनता के सवालों से घिरी भाजपा
एक ही दिन में सीहोर और नीमच में सामने आए घटनाक्रम ने प्रदेश में किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को फिर चर्चा में ला दिया है। खाद संकट, तकनीकी अव्यवस्थाएं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर जनता के बढ़ते आक्रोश ने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढे़ : इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम घोषित, यशस्वी जायसवाल बाहर, शुभमन गिल को कप्तानी








