Sonam Wangchuk Hunger Strike: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 18वें दिन में प्रवेश कर चुका है। जंतर-मंतर पर चल रहे इस अनशन के बीच उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर उनके विरोध के तरीके और आंदोलन के उद्देश्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि लंबे समय तक अनशन जैसे कदम लोकतांत्रिक संवाद की जगह भावनात्मक दबाव बनाने का माध्यम बन सकते हैं।इसी बीच उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है, जिसमें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
सीजेपी की भूमिका पर भी उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कुछ आलोचकों ने सिटिजंस फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) और आंदोलन से जुड़े कुछ अन्य समूहों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि संवेदनशील मुद्दों पर आंदोलन को लगातार राजनीतिक और सामाजिक रंग देने की कोशिश की जाती है, जिससे मूल मुद्दा पीछे छूट जाता है।हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित संगठनों की ओर से अलग-अलग समय पर अपने पक्ष रखे गए हैं और वे अपने अभियान को लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत चलाया गया प्रयास बताते रहे हैं।
Sonam Wangchuk Hunger Strike: अनशन को लेकर क्यों हो रही है आलोचना?
राजनीतिक विश्लेषकों का एक वर्ग मानता है कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने के कई संवैधानिक और संस्थागत तरीके मौजूद हैं। उनका तर्क है कि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जैसे कदम सार्वजनिक सहानुभूति तो जुटाते हैं, लेकिन कई बार समाधान निकालने की प्रक्रिया को जटिल भी बना देते हैं।कुछ विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि यदि किसी आंदोलनकारी की जान को खतरा पैदा हो जाए, तो बहस मुद्दे से हटकर केवल स्वास्थ्य संकट तक सीमित हो जाती है।
Sonam Wangchuk Hunger Strike: स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता, डॉक्टरों ने जताई गंभीर आशंका
जनहित याचिका में दावा किया गया है कि सोनम वांगचुक का वजन काफी कम हो चुका है और उनकी शारीरिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। चिकित्सकों का मानना है कि लंबे समय तक भोजन न करने से शरीर के कई महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो सकते हैं।हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही मानी जाएगी।कानूनी जानकारों का कहना है कि अदालत का प्राथमिक उद्देश्य किसी भी व्यक्ति के जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है। यदि किसी आंदोलनकारी की जान को गंभीर खतरा हो तो अदालत प्रशासन को आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दे सकती है।अदालत ऐसे मामलों में कानून और संविधान के दायरे में रहकर ही निर्णय लेती है तथा सभी पक्षों की दलीलों पर विचार करती है।
बहस के केंद्र में आंदोलन की रणनीति
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल अब केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि विरोध की शैली, सामाजिक संगठनों की भूमिका और लोकतांत्रिक तरीकों को लेकर नई बहस का विषय बन गई है। जहां समर्थक इसे जनहित से जुड़ा आंदोलन बता रहे हैं, वहीं आलोचकों का कहना है कि किसी भी आंदोलन का उद्देश्य संवाद और समाधान होना चाहिए, न कि ऐसी स्थिति पैदा करना जिससे व्यक्ति के जीवन पर संकट खड़ा हो जाए।
ये भी पढ़े…….राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए उमड़े दावेदार, 24 घंटे में 1000+ आवेदन; क्या पहली बार किसी महिला को मिलेगी कमान?








