South Africa Road Accident: साउथ अफ्रीका के वेस्टर्न केप प्रांत में दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
South Africa Road Accident: एन1 हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा-
साउथ अफ्रीका से एक बड़े और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। देश के वेस्टर्न केप प्रांत में रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग एन1 पर दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की जान चली गई। यह दुर्घटना केप टाउन से करीब 380 किलोमीटर दूर प्रिंस अल्बर्ट और लेउ-गामका के बीच हुई। हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे हुआ।
South Africa Road Accident: टक्कर के बाद तीसरी गाड़ी भी भिड़ी-
स्थानीय यातायात प्रबंधन निगम (RTMC) और प्रांतीय अधिकारियों के अनुसार, दोनों मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही एक तीसरी गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा टकराई। जोरदार टक्कर के कारण गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा और सड़क पर मलबा बिखर गया। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया-
हादसे के बाद आपातकालीन दल, पुलिस और बचाव कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे की जांच भी शुरू कर दी है।
दोनों दिशाओं में बंद किया गया एन1 हाईवे-
बचाव और जांच अभियान के चलते एन1 हाईवे को दोनों दिशाओं में पूरी तरह बंद कर दिया गया। वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जा रहा है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
हादसे के कारणों की जांच जारी-
पुलिस ने दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने टक्कर किस वजह से हुई। दक्षिण अफ्रीका में मिनीबस टैक्सियां आम लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन हैं। ऐसे में सड़क हादसों में इन वाहनों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है।
यह भी पढ़े- सावधान! कहीं जानलेवा साबित न हो जाएं ये दवाइयां…, कैसे बच सकते हैं आप?








