Home » उत्तर प्रदेश » प्रयागराज में SSC कांस्टेबल जीडी परीक्षा पर बवाल, अभ्यर्थियों ने केंद्र में की तोड़फोड़, सड़क भी जाम

प्रयागराज में SSC कांस्टेबल जीडी परीक्षा पर बवाल, अभ्यर्थियों ने केंद्र में की तोड़फोड़, सड़क भी जाम

प्रयागराज में SSC केंद्र पर बवाल

SSC Protest: प्रयागराज में एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। परीक्षा नहीं दे पाने से नाराज छात्रों ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ कर दी और सड़क पर जाम लगा दिया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अंदावा स्थित परीक्षा केंद्र पर एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा देने पहुंचे थे। लेकिन कई छात्रों को परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिला। इससे नाराज होकर अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, सीपीयू, कुर्सियां और अन्य फर्नीचर तोड़ दिए। हंगामे के कारण केंद्र में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

छात्रों ने लगाए अव्यवस्था के आरोप

अभ्यर्थियों का कहना था कि जब परीक्षा केंद्र पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, तो इतनी ज्यादा संख्या में छात्रों को क्यों बुलाया गया। भीषण गर्मी में दूर-दूर से पहुंचे छात्रों ने अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।बाद में एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा स्थगित करने की सूचना परीक्षा केंद्र पर चस्पा कर दी गई, जिसके बाद कई छात्र वापस लौट गए।

SSC Protest: प्रयागराज में SSC केंद्र पर बवाल
प्रयागराज में SSC केंद्र पर बवाल

क्षमता से ज्यादा छात्रों को मिला केंद्र

जानकारी के अनुसार, एसएससी मध्य क्षेत्र ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी बेंगलुरु की कंपनी एडूक्विटी करियर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को दी थी। अंदावा स्थित आईटेक जोन सेंटर पर दूसरी और तीसरी पाली के लिए कुल 650 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे।इसके बावजूद दूसरी पाली में 505 की जगह 1035 और तीसरी पाली में 495 की जगह 1034 अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। इससे परीक्षा केंद्र पर भारी अव्यवस्था फैल गई।

SSC Protest: केंद्र प्रबंधन ने क्या कहा

केंद्र व्यवस्थापकों के मुताबिक, अभ्यर्थियों के अतिरिक्त आवंटन की जानकारी उन्हें सोमवार को ही ईमेल के जरिए मिली थी। अचानक क्षमता से ज्यादा छात्रों के पहुंचने के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

हंगामे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रेनी आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, एसीपी थरवई अरुण पाराशर, एसीपी फूलपुर विवेक यादव और सराय इनायत थाना अध्यक्ष संजय गुप्ता ने स्थिति को संभाला।पुलिस ने छात्रों को समझाकर सड़क जाम खत्म कराया और यातायात दोबारा शुरू करवाया।

पांच जिलों में परीक्षा रद्द

हंगामे के दौरान एक छात्र को लैपटॉप लेकर भागते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए एसएससी मध्य क्षेत्र ने कांस्टेबल जीडी 2026 की सोमवार की दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी है। प्रयागराज के अलावा कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर में भी परीक्षा केंद्रों की परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं।

ये भी पढ़े: चंडीगढ़ में भीषण धमाके, एक के बाद एक फटे 3 सिलेंडर, तीन मंजिला मकान हुआ तबाह, 3 गंभीर

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments