Home » लाइफस्टाइल » इंसान कितने दिन तक बिना खाए रह सकता है? डॉक्टर ने बताया भूख के समय शरीर कहां से लाता है एनर्जी

इंसान कितने दिन तक बिना खाए रह सकता है? डॉक्टर ने बताया भूख के समय शरीर कहां से लाता है एनर्जी

बिना खाए इंसान कितने दिन जिंदा रहेगा?

Starvation Survival: हमारा शरीर एक मशीन की तरह काम करता है और इसे चलाने के लिए खाना और पानी दोनों जरूरी हैं। लेकिन कई बार उपवास, भूख हड़ताल या मजबूरी में इंसान कई दिनों तक बिना खाए रहता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर शरीर को एनर्जी कहां से मिलती है और कोई इंसान कितने दिन तक जिंदा रह सकता है। फोर्टिस अस्पताल, फरीदाबाद के न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर विनीत बंगा ने इसके बारे में विस्तार से बताया।

बिना भोजन शरीर कैसे चलता है?

जब शरीर को खाना और पानी नहीं मिलता, तो वह “पावर सेविंग मोड” में चला जाता है। यानी वह सिर्फ उन्हीं अंगों के लिए एनर्जी बचाता है, जो सबसे जरूरी हैं, जैसे दिल, दिमाग और फेफड़े। बाकी काम धीरे-धीरे किए जाते हैं ताकि एनर्जी बचे।डॉक्टर के मुताबिक, पहले 24 घंटे तक शरीर को ज्यादा परेशानी नहीं होती। इसकी वजह है लिवर और मांसपेशियों में पहले से जमा ग्लूकोज, जिसे मेडिकल भाषा में ग्लाइकोजन कहते हैं। यही ग्लाइकोजन पहले दिन शरीर को एनर्जी देता रहता है।

24 घंटे बाद शरीर का प्लान

24 घंटे बाद लिवर का ग्लाइकोजन खत्म हो जाता है। तब शरीर फैट को तोड़कर उससे एनर्जी बनाना शुरू करता है। फैट से बनने वाली एनर्जी को कीटोन्स कहा जाता है। अब दिमाग भी ग्लूकोज की जगह कीटोन्स से काम करने लगता है। इसी वजह से लंबे उपवास में कई लोगों को कमजोरी और चक्कर जैसा महसूस होता है।

कई दिन भूखे रहने पर शरीर क्या करता है?

अगर कई दिनों तक खाना न मिले, तो शरीर पूरी तरह इमरजेंसी मोड में चला जाता है। खुद को बचाने के लिए वह पुरानी और खराब कोशिकाओं को तोड़कर उनसे नई एनर्जी बनाता है। इसे मेडिकल भाषा में Autophagy कहते हैं। लेकिन यह प्रोसेस ज्यादा दिन नहीं चल सकती।लंबे समय तक भूखे रहने पर सबसे पहले मांसपेशियां कमजोर होती हैं। जब फैट भी खत्म हो जाता है, तो शरीर प्रोटीन तोड़ना शुरू कर देता है और प्रोटीन हमारी मांसपेशियों में होता है। इसी कारण लगातार भूखे रहने पर वजन बहुत तेजी से गिरता है।

तो इंसान कितने दिन तक जिंदा रह सकता है?

डॉक्टर विनीत बंगा के अनुसार, एक स्वस्थ इंसान बिना खाना खाए 3 से 8 हफ्ते तक जिंदा रह सकता है। लेकिन अगर पानी मिलता रहे, तो यह समय 40 से 50 दिन तक बढ़ सकता है। पानी इसलिए जरूरी है क्योंकि यह डिहाइड्रेशन रोकता है और शरीर में ब्लड फ्लो को सही रखता है। बिना पानी के इंसान सिर्फ कुछ ही दिन टिक पाता है।

कुल मिलाकर, शरीर भूख में पहले ग्लाइकोजन, फिर फैट और आखिर में प्रोटीन से एनर्जी लेता है। लेकिन यह तरीका सिर्फ थोड़े समय के लिए सुरक्षित है। लंबे समय तक भूखे रहने से शरीर को गंभीर नुकसान हो सकता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह के बिना लंबा उपवास करना सही नहीं है।

Written by: Mansi Sharma

यह भी पढ़े…अमेरिका ने ईरान पर फिर किए हवाई हमले, जवाब में ईरान ने तेल निर्यात रोकने की चेतावनी