Surat news: गुजरात के सूरत में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया है। देर रात शुरू हुए इस मेगा ऑपरेशन में शहर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एसओजी की संयुक्त टीमों ने कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की। अभियान के दौरान कुल 261 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद इनमें से 84 लोगों के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हो चुकी है। बाकी लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच अभी जारी है।
उपमुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शुरू हुआ अभियान
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने हाल ही में राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सूरत पुलिस ने बड़े स्तर पर कॉम्बिंग और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरी रात चले इस अभियान में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान 84 लोगों की पहचान अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई है।
Surat news: इन इलाकों में हुई छापेमारी
पुलिस ने उन क्षेत्रों को निशाना बनाया जिन्हें अवैध घुसपैठियों के संभावित ठिकानों के रूप में चिन्हित किया गया था। इनमें चौक बाजार, कोसाड आवास, सलाबतपुर और लिंबायत की मीठी खाड़ी क्षेत्र प्रमुख हैं। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया और उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
कई पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
Surat news: पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये लोग भारत में कब और कैसे प्रवेश किए। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सूरत में उन्हें रहने और रोजगार की सुविधा किसने उपलब्ध कराई। अधिकारियों का कहना है कि घुसपैठियों के नेटवर्क, उनके स्थानीय संपर्कों और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य अवैध घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 मौतों के बाद खुली बड़ी पोल, 6 कमरों की अनुमति पर बना दिए 25 कमरे!








