Indore Accident News : इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीहोर जिले के जावर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार से जा रही एक एसयूवी का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना काफी भयावह थी। वाहन पलटते ही उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की।
Indore-भोपाल हाईवे पर पलटी SUV
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत इलाज के लिए देवास जिले के सोनकच्छ स्थित शासकीय सिविल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 38 वर्षीय मयूरेश गर्ग और 51 वर्षीय संगीता अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हादसे में सुनील अग्रवाल, शर्मिला गर्ग, सुरभि अग्रवाल, पलक अग्रवाल, रिमी अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल और स्वप्निल गर्ग समेत तीन बच्चे भी घायल हुए हैं।
10 घायल
घायलों में दो वर्षीय दुर्विक गर्ग, 10 वर्षीय कनव गर्ग और एक अन्य डेढ़ वर्षीय बच्चा शामिल है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सीहोर जिले के डीएसपी हेमंत पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एसयूवी का टायर फटने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहन को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया। घटना से मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है, वहीं घायलों के परिवारजन अस्पताल में उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
Read More : Health Update: सुबह की ताजी हवा या शाम की सुकून भरी सैर, सेहत के लिए कौन सी वॉक है बेस्ट?
Written By : Rishika Srivastva








