Switzerland News: स्विट्जरलैंड के विंटरथुर शहर में गुरुवार सुबह एक चाकूबाजी की घटना सामने आई। रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति ने अचानक तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। अधिकारियों ने इस घटना को आतंकवादी हमला बताया है। हालांकि, घटना के कुछ ही मिनटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार यह हमला सुबह लगभग 8:30 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं।
पांच मिनट के अंदर आरोपी गिरफ्तार
क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख मारियस वेयेरमैन ने बताया कि सूचना मिलने के करीब पांच मिनट बाद ही पुलिस ने संदिग्ध को पकड़ लिया। पुलिस की तेजी से कार्रवाई के कारण स्थिति को जल्द नियंत्रण में ले लिया गया।पुलिस के मुताबिक आरोपी 31 वर्षीय व्यक्ति है, जिसके पास स्विस और तुर्की दोनों देशों की नागरिकता है। वह विंटरथुर शहर में ही रहता है।
अधिकारियों ने बताया कि साल 2015 में इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़ी प्रचार सामग्री बांटने के कारण वह पहले भी पुलिस की नजर में आ चुका था।

मनोरोग केंद्र से हाल ही में मिली थी छुट्टी
मारियस वेयेरमैन ने बताया कि हाल के दिनों में आरोपी ने पुलिस के आपातकालीन नंबर पर फोन किया था और कुछ अस्पष्ट व अजीब टिप्पणियां की थीं। इसके बाद उसे एक मनोरोग केंद्र में भर्ती कराया गया था।हालांकि, बुधवार को डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे खतरनाक न मानते हुए वहां से छुट्टी दे दी थी।
Switzerland News: हमले में तीन लोग घायल
इस हमले में 28, 43 और 52 साल की उम्र के तीन स्विस नागरिक घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार दो घायलों को दोपहर तक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी या जल्द छुट्टी मिलने वाली थी।वहीं, सबसे अधिक उम्र वाले व्यक्ति की जांघ में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उनका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं।
अकेले किया गया हमला
जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी ने यह हमला अकेले ही किया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हमले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।ज्यूरिख के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मारियो फेहर ने इस घटना को “आतंकवाद का घिनौना कृत्य” बताया। उन्होंने कहा कि आरोपी का जन्म स्विट्जरलैंड में हुआ था और उसने साल 2009 में स्विस नागरिकता हासिल की थी।अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने पिछले दो वर्षों का अधिकतर समय तुर्की में बिताया था।
विंटरथुर शहर के बारे में
विंटरथुर स्विट्जरलैंड का एक प्रमुख शहर है, जिसकी आबादी लगभग 1.23 लाख है। यह शहर देश के सबसे बड़े शहर ज्यूरिख के पास, उत्तर-पूर्वी स्विट्जरलैंड में स्थित है।








