Rock Salt: व्रत के दौरान सेंधा नमक का इस्तेमाल आम है, लेकिन हाई बीपी के मरीजों के लिए क्या यह साधारण नमक से बेहतर है? न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया सेंधा नमक और सोडियम का कनेक्शन।
Rock Salt: हाई बीपी में सेंधा नमक खा सकते हैं-
व्रत के दौरान लोग अक्सर सेंधा नमक का सेवन करते हैं। वहीं, कई लोग हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखने के लिए साधारण नमक की जगह सेंधा नमक इस्तेमाल करते हैं। उन्हें लगता है कि सेंधा नमक में सोडियम कम होता है और यह ब्लड प्रेशर के लिए बेहतर विकल्प है। दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के मुताबिक, हाई ब्लड प्रेशर की समस्या में सेंधा नमक का सेवन किया जा सकता है, लेकिन इसकी मात्रा सीमित रखना जरूरी है। इसे लो-सोडियम नमक समझकर अधिक मात्रा में खाना सही नहीं है।
Rock Salt: बीपी में नमक से ज्यादा जरूरी है सोडियम-
हाई ब्लड प्रेशर का संबंध नमक के रंग या नाम से ज्यादा उसमें मौजूद सोडियम की मात्रा से होता है। ज्यादा सोडियम लेने से शरीर में पानी जमा हो सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा रहता है। WHO के मुताबिक, स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना 2000 mg से कम सोडियम यानी 5 ग्राम से कम नमक का सेवन करना चाहिए। अगर डॉक्टर ने हाई बीपी के कारण नमक कम करने की सलाह दी है, तो सेंधा नमक को साधारण नमक का अलग और सुरक्षित विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।
सेंधा नमक को लेकर स्टडी में क्या सामने आया-
साल 2022 में Journal of Brazilian Society of Cardiology में प्रकाशित एक रिसर्च में हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों में हिमालयन सॉल्ट यानी सेंधा नमक और सामान्य टेबल सॉल्ट के प्रभाव की तुलना की गई। रिसर्च में सिस्टोलिक और डायस्टोलिक ब्लड प्रेशर या यूरिन में सोडियम की मात्रा के मामले में दोनों नमकों के बीच कोई खास अंतर नहीं पाया गया। इससे यह साबित नहीं होता कि सेंधा नमक हाई बीपी को कंट्रोल करने में सामान्य नमक से बेहतर है।
सेंधा नमक में कितना सोडियम होता है-
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, सेंधा नमक के अलग-अलग ब्रांड या सैंपल में सोडियम की मात्रा थोड़ी अलग हो सकती है। हालांकि, सेंधा नमक मुख्य रूप से सोडियम क्लोराइड से बना होता है। इसलिए यह मानना सही नहीं है कि सेंधा नमक में सोडियम नहीं होता या इसकी मात्रा बहुत कम होती है। अगर कोई व्यक्ति सामान्य नमक की जगह सेंधा नमक इस्तेमाल कर रहा है और उसकी कुल मात्रा पहले जितनी ही है, तो उसे सोडियम कम करने का फायदा नहीं मिलेगा। साल 2025 में Foods Journal में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, हिमालयन साल्ट की शुद्धता करीब 98.8% बताई गई है।
हाई बीपी में किन बातों का रखें ध्यान-
ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए सिर्फ सामान्य नमक की जगह सेंधा नमक इस्तेमाल करना पर्याप्त नहीं है। पूरी डाइट पर ध्यान देना जरूरी है। डाइट में ताजे फल, सब्जियां, दालें और कम प्रोसेस्ड फूड शामिल करना बेहतर हो सकता है। वहीं, नमकीन स्नैक्स, इंस्टेंट फूड, अचार, सॉस और ज्यादा प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखना चाहिए, क्योंकि इनमें भी सोडियम की मात्रा अधिक हो सकती है।
यह भी पढ़े- जापान में तबाही मचाने के बाद चीन की ओर बढ़ा टाइफून डॉल्फिन, 162 KMPH की रफ्तार से हवाएं