Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में लंबे इंतजार और कई राजनीतिक उलझनों के बाद आखिरकार टीवीके प्रमुख विजय को राज्यपाल से मिलने का समय मिल गया। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। अब विजय कल सुबह 10 बजे नेहरू इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
सरकार गठन में लगातार आ रही थीं अड़चनें
सरकार बनाने की प्रक्रिया में शुरुआत से ही कई मुश्किलें सामने आ रही थीं। पहले बहुमत के लिए जरूरी विधायकों का समर्थन जुटाना बड़ी चुनौती बना हुआ था। जब यह मामला सुलझ गया, तब एक नई परेशानी खड़ी हो गई।
दरअसल, विजय जब सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए लोकभवन पहुंचे, तब उन्हें वापस लौटना पड़ा। जानकारी के मुताबिक राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर की ओर से शाम 6 बजे मिलने का समय नहीं मिल पाया था। इसी कारण विजय को लौटना पड़ा। इससे उनके मुख्यमंत्री बनने का इंतजार और लंबा होता नजर आया।
हालांकि कुछ देर बाद लोकभवन से संदेश मिला, जिसके बाद विजय दोबारा राज्यपाल से मिलने पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया।

विजय को मिला 120 विधायकों का समर्थन
सरकार गठन से पहले विजय ने कुल 120 विधायकों का समर्थन हासिल कर लिया। वीसीके ने भी उन्हें समर्थन देने का फैसला किया। इसके अलावा ऑल इंडिया मुस्लिम लीग ने बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की।बहुमत का आंकड़ा पार होने के बाद टीवीके कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने भी विजय को नई सरकार बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
Tamil Nadu Politics: विधानसभा चुनाव में टीवीके का प्रदर्शन
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की। विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीतने में सफल रहे। ऐसे में पार्टी के विधायकों की कुल संख्या 107 मानी जा रही है।कांग्रेस ने पहले ही टीवीके को समर्थन देने का ऐलान कर दिया था। कांग्रेस के पास 5 विधायक हैं। इसके अलावा वीसीके के 2 विधायक भी विजय के समर्थन में आ गए।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के 2 विधायकों ने भी टीवीके को समर्थन दिया। वहीं सीपीआई और सीपीआईएम के 2-2 विधायक भी विजय के साथ आ गए। इस तरह कुल 120 विधायकों के समर्थन के साथ विजय सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच गए।
बहुमत का आंकड़ा हुआ पार
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। टीवीके को अब 120 विधायकों का समर्थन मिल चुका है, जो बहुमत के आंकड़े से दो ज्यादा है।इसके साथ ही नई सरकार को लेकर चल रही अटकलें और अनिश्चितता भी खत्म हो गई है।
सहयोगी दलों को विजय ने कहा धन्यवाद
टीवीके प्रमुख विजय ने समर्थन देने के लिए कांग्रेस, वाम दलों और वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन का धन्यवाद किया।वीसीके सूत्रों के अनुसार, पार्टी फिलहाल टीवीके सरकार को बाहर से समर्थन देगी। वीसीके के फैसले के तुरंत बाद आईयूएमएल ने भी टीवीके को समर्थन देने का भरोसा जताया।
ये भी पढ़ें…देशभर में लागू हुए नए लेबर कानून, कर्मचारियों की सैलरी








