Tamilnadu news: तमिलनाडु के थेनी जिले के कंबम शहर में शनिवार सुबह एक प्राइवेट पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्टोर रूम खोलते ही हुआ जोरदार धमाका
जानकारी के मुताबिक, कात्तुपल्ली वासल स्ट्रीट स्थित लक्ष्मी फायरक्रैकर फैक्ट्री पिछले दो दिनों से चुनावी छुट्टियों के कारण बंद थी। शनिवार को जैसे ही काम शुरू हुआ, मजदूर सूर्या और दिनेश स्टोर रूम में कच्चा माल देखने पहुंचे। दरवाजा खोलते ही अचानक तेज धमाका हुआ, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
Tamilnadu news: दो मजदूरों ने भागकर बचाई जान
हादसे के समय अय्यप्पन और नागार्जुन भी फैक्ट्री में मौजूद थे। धमाके की तेज आवाज सुनते ही दोनों डरकर मौके से भाग निकले, जिससे उनकी जान बच गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
Tamilnadu news: जांच में जुटी पुलिस, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए थेनी सरकारी अस्पताल भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब यह जांच की जा रही है कि आखिर स्टोर रूम में रखा कच्चा माल कैसे विस्फोट का कारण बना और क्या फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था।
हाल ही में भी हुआ था बड़ा हादसा
Tamilnadu news: गौरतलब है कि इससे पहले 19 अप्रैल को तमिलनाडु के विरुधुनगर के पास एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 25 मजदूरों की जान चली गई थी। बार-बार हो रहे ऐसे हादसे फैक्ट्री सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: AAP में बड़ा सियासी भूचाल, 7 सांसदों के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति से मिलेंगे CM मान








