Train Water: ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खानपान उपलब्ध कराने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने बिना मंजूरी वाले खाद्य और पेय पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत अलग-अलग रीजन में ट्रेनों और कैटरिंग यूनिट की औचक जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान 8 हजार से अधिक बिना मंजूरी वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलें जब्त की गई हैं। IRCTC ने कैटरिंग सेवा प्रदाताओं को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।
लखनऊ और चंडीगढ़ में हजारों बोतलें जब्त
लखनऊ रीजन में 28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच 117 ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान बिना मंजूरी वाले ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की 5,241 बोतलें जब्त की गईं। वहीं चंडीगढ़ रीजन में अंबाला, लुधियाना, अमृतसर, कटरा और जम्मू समेत कई स्टेशनों से जुड़ी 51 ट्रेनों की जांच हुई। यहां 3,108 अवैध पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलें जब्त की गईं। दोनों रीजन में कुल 8,349 बोतलें पकड़ी गईं।
Train Water: आइसक्रीम और दूसरे खाद्य पदार्थ भी पकड़े
अभियान के दौरान सिर्फ पानी की बोतलों पर ही कार्रवाई नहीं हुई। अंबाला में 10 अगस्त को क्विक रिस्पॉन्स टीम की दो औचक जांच में बिना मंजूरी वाली आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क समेत 13 कार्टन सामान जब्त किया गया। सहारनपुर स्टेशन पर भी बिना मंजूरी वाली आइसक्रीम, पेय पदार्थ और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पकड़ा गया। साबरमती बीजी स्टेशन पर 9 अगस्त को ट्रेन नंबर 19223 और 19031 की ट्रेन साइड वेंडिंग व्यवस्था की जांच के दौरान बिना अनुमति वाला पानी और छाछ ट्रेन में लोड करते हुए पकड़ा गया।
गुजरात से पूर्वोत्तर तक अभियान
IRCTC की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया। 8 अगस्त को हावड़ा में QRT और रेलवे के वाणिज्यिक विभाग की संयुक्त जांच में बिना अनुमति वाले खाद्य-पेय पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए। वहीं गुवाहाटी रीजन में 8 से 14 अगस्त के बीच गुवाहाटी, कामाख्या, अगरतला, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और डिब्रूगढ़ में ट्रेनों और कैटरिंग यूनिट की जांच की गई। यहां पानी और खाद्य पदार्थों के साथ ओवरचार्जिंग, कर्मचारियों के दस्तावेज, साफ-सफाई और कीट नियंत्रण की भी जांच हुई।
Train Water: कैटरिंग सेवा प्रदाताओं को सख्त निर्देश
IRCTC ने सभी कैटरिंग सेवा प्रदाताओं को निर्देश दिया है कि उनके कर्मचारी बिना मंजूरी वाले किसी भी खाद्य या पेय पदार्थ को ट्रेन में लोड, स्टॉक या बेचें नहीं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस की शर्तों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। IRCTC के मुताबिक, सभी जोन और रीजन में QRT की औचक जांच आगे भी जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और निर्धारित मानकों के अनुरूप खानपान उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें…गर्म समोसे की मांग पर विवाद, वाराणसी कोर्ट पहुंचा मामला; 6 महीने बाद दर्ज हुई FIR








