Transfer of IAS officers: उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में मंडलायुक्त स्तर से लेकर राजस्व परिषद, ग्रामीण विकास, आयुष, शहरी विकास और राज्य सचिवालय के कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
सबसे अहम बदलाव अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल में हुआ है। अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वह अंजनेय कुमार सिंह की जगह लेंगी। अंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति 14 अगस्त को पूरी हो गई थी, जिसके बाद उन्हें उनके मूल कैडर सिक्किम वापस भेज दिया गया। वहीं, प्रयागराज स्थित राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) के पद पर तैनात ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
ग्रामीण विकास और आयुष विभाग में भी बदलाव
ग्रामीण विकास आयुक्त एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव गौरी शंकर प्रियदर्शी को आयुष विभाग का महानिदेशक और राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश का मिशन निदेशक बनाया गया है। समाज कल्याण विभाग के सचिव प्रमोद कुमार उपाध्याय को ग्रामीण विकास आयुक्त, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। रवींद्र कुमार को शहरी विकास विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश जल निगम (शहरी) के प्रबंध निदेशक और अमृत मिशन के राज्य मिशन निदेशक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
Transfer of IAS officers: योजना और जल निगम में भी नई जिम्मेदारियां
उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक रहे डॉ. राज शेखर को योजना विभाग का सचिव और अर्थ एवं संख्या का महानिदेशक बनाया गया है। वहीं, सहकारिता आयुक्त एवं निबंधक योगेश कुमार को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा से देवेंद्र कुमार पांडेय को उपभोक्ता मामले विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक श्रीवास्तव को पशुपालन विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्व परिषद और उच्च शिक्षा विभाग में भी फेरबदल
उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमृत त्रिपाठी को प्रयागराज में राजस्व परिषद का सदस्य (न्यायिक) नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के रूप में तैनात ओम प्रकाश राय को उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। सरकार के इस फेरबदल को वरिष्ठ प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है। तबादलों के जरिए कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण फील्ड पोस्टिंग और विभागीय जिम्मेदारियां दी गई हैं।
ये भी पढ़े… वेंटिलेटर में विस्फोट से धधका अमरावती का NICU, 3 नवजातों की मौत; 6 अस्पताल में भर्ती








