Home » अंतर्राष्ट्रीय » Trump Iran Attack: ट्रम्प ने ईरान पर हमला फिलहाल टाला, होर्मुज स्ट्रेट खोलने और परमाणु खतरे पर समझौते का दावा

Trump Iran Attack: ट्रम्प ने ईरान पर हमला फिलहाल टाला, होर्मुज स्ट्रेट खोलने और परमाणु खतरे पर समझौते का दावा

 Trump Iran Attack:

Trump Iran Attack: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका ने ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला फिलहाल टाल दिया है। ट्रम्प के मुताबिक, ईरान और कुछ मिडिल ईस्ट देशों की ओर से समझौते का प्रस्ताव मिलने के बाद यह फैसला लिया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिका बड़े सैन्य अभियान के लिए तैयार था, लेकिन बातचीत की संभावना को देखते हुए हमला रोक दिया गया।

Trump Iran Attack: होर्मुज स्ट्रेट और परमाणु खतरे पर बनी सहमति का दावा-

ट्रम्प ने कहा कि प्रस्तावित समझौते में होर्मुज स्ट्रेट को तुरंत खोलने और ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करने पर सहमति बनी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस फैसले में इजराइल भी अमेरिका के साथ है।

Trump Iran Attack: सऊदी क्राउन प्रिंस ने संयम बरतने की अपील की-

एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रम्प से फोन पर बातचीत कर ईरान पर संभावित बड़े हमले को टालने और संयम बरतने की अपील की थी।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स-

अमेरिका ने अपने नागरिकों को सुरक्षा हालात बिगड़ने पर मिडिल ईस्ट छोड़ने की एडवाइजरी जारी की।

ईरान ने चेतावनी दी कि किसी भी अमेरिकी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा।

वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में दावा किया गया कि इजराइल की रक्षा के लिए अमेरिकी संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरान से कारोबारी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

इजराइली मीडिया के अनुसार, अमेरिका इजराइल में 10 और एयर-टू-एयर रीफ्यूलिंग विमान तैनात करने की तैयारी कर रहा है।

मिसाइल डिफेंस सिस्टम को लेकर बढ़ी चिंता-

CSIS की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के Patriot और THAAD इंटरसेप्टर मिसाइलों का स्टॉक तेजी से घटा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा स्टॉक को दोबारा भरने में करीब तीन साल लग सकते हैं। इसी वजह से भविष्य में किसी बड़े संघर्ष की स्थिति में अमेरिकी सैन्य क्षमता को लेकर चिंता बढ़ी है।

विशेषज्ञ बोले- संकट अभी खत्म नहीं हुआ-

मिडिल ईस्ट इंस्टीट्यूट के सीनियर फेलो रॉस हैरिसन का कहना है कि ट्रम्प द्वारा हमला टालने का फैसला तनाव कम होने का संकेत जरूर है, लेकिन हालात अब भी बेहद नाजुक बने हुए हैं। उनके अनुसार, जब तक होर्मुज स्ट्रेट और अन्य मुद्दों पर ठोस समझौता नहीं होता, तब तक स्थायी शांति की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी।

ईरान का पलटवार- धमकी भी, बातचीत भी-

ईरान ने अमेरिका पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। ईरानी सांसद हसन गशगावी ने कहा कि अमेरिका एक ओर हमले की धमकी देता है और दूसरी ओर बातचीत की कोशिश करता है। वहीं सांसद इब्राहिम रेजाई ने चेतावनी दी कि अगर ईरान पर हमला हुआ तो जहां-जहां से हमला होगा, वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।

इराक में ड्रोन हमला, इजराइल ने बढ़ाई सुरक्षा-

उत्तरी इराक के सुलैमानीया में पेशमर्गा मुख्यालय पर ड्रोन हमला हुआ, जिसे एयर डिफेंस ने इंटरसेप्ट कर दिया। वहीं, संभावित अमेरिकी कार्रवाई की आशंका के बीच इजराइल ने भी अपनी सुरक्षा तैयारियां बढ़ा दी हैं। इजराइली मीडिया का दावा है कि अमेरिका आने वाले दिनों में अतिरिक्त रीफ्यूलिंग विमान तैनात कर सकता है

यह भी पढ़े- तमिलनाडु सरकार का बड़ा फैसला, NEET प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज हुए सभी केस होंगे वापस