UP Anganwadi Bharti 2025: अगर आप आंगनबाड़ी में नौकरी करने की सोच रहे है या नौकरी करना चाहते है तो ये खबर आपके लिए ही है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के 69,197 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती निकलने वाली है। जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 7,952 पद और सहायिकाओं के 61,254 पदों पर भर्ती की जाएगी। राज्य सरकार ने इस संबंध में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी हैं।
चयन समितियां होगी गठित
UP Anganwadi Bharti 2025: दरअसल, बीते दिन गुरुवार को हुई विभागीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से पूरा किया जाए। इसके तहत जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में चयन समितियां गठित की जाएंगी। साथ ही, प्रत्येक चरण की स्पष्ट समयसीमा तय की जाएगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने जानकारी दी कि इन रिक्तियों में से 2,123 पद पहले से खाली हैं, जबकि शेष पद हाल ही में स्वीकृत 306 नए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए हैं। इन नए केंद्रों को ‘सक्षम आंगनबाड़ी’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी के साथ मुख्य सचिव ने इन केंद्रों में पोषण वाटिका, वर्षा जल संचयन प्रणाली (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग), एलईडी स्क्रीन और ECC(Early Childhood Care and Education) से जुड़ी शैक्षिक सामग्री की व्यवस्था शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
आपको बता दें कि राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की योजना है। मुख्य सचिव ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं की दक्षता में वृद्धि करेगा और बच्चों के समग्र विकास में सहायक होगा। साथ ही, उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष से जुड़े सभी लंबित मामलों का निपटारा अक्टूबर 2025 तक करने का निर्देश दिया। मुख्य सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे आंगनबाड़ी केंद्र
UP Anganwadi Bharti 2025: बताते चले कि प्रदेश की योगी सरकार ने 23,697 आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। इन केंद्रों में बच्चों के लिए बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मुख्य सचिव ने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य बच्चों और गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़े… UP News: ‘इकरा हमारी छोटी बहन’ ‘मुल्ली’ वाले बयान पर चंद्रशेखर की प्रतिक्रिया, CM Yogi से की ये मांग….







